क्या आपको भी अक्सर पेट में दर्द बना रहता है, पाचन ठीक नहीं रहता है, चेहरे-आंखों का रंग पीला पड़ता जा रहा है? सावधान ये लिवर की बीमारियों का संकेत हो सकता है जिसपर गंभीरता से ध्यान दिया जाना जरूरी है। लिवर की समस्याओं को अनदेखा करना आपकी पूरी सेहत के लिए मुश्किलें बढ़ाने वाला हो सकता है।
लाइफस्टाइल और खानपान की गड़बड़ी ने लिवर को बहुत नुकसान पहुंचाया है, लिहाजा फैटी लिवर, हेपेटाइटिस, सिरोसिस और लिवर फेलियर जैसी लिवर से संबंधित गंभीर समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, प्रोसेस्ड-जंक फूड्स के अधिक सेवन, शराब, मोटापा और बैठे रहने वाली लाइफस्टाइल के चलते कम उम्र वाले भी लिवर रोगों की चपेट में आते जा रहे हैं।
लिवर की बीमारियों के बारे में दुनियाभर में जागरूकता बढ़ाने, इसकी शुरुआती पहचान और इलाज को लेकर लोगों को शिक्षित करने के उद्देश्य से हर साल 19 अप्रैल को वर्ल्ड लिवर डे मनाया जाता है।