Colon Cancer Symptoms in Men: हर साल 4 फरवरी को दुनिया भर में विश्व कैंसर दिवस के रूप में मनाया जाता है, ताकि कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाई जा सके और इसकी रोकथाम व उपचार के लिए वैश्विक प्रयासों को एकजुट किया जा सके। वर्ष 2025 से 2027 के लिए तीन साल का वैश्विक अभियान का थीम 'यूनाइटेड बाय यूनिक' है। इसका उद्देश्य यह समझाना है कि कैंसर से लड़ने का लक्ष्य भले ही एक हो, लेकिन हर मरीज का अनुभव और उसकी जरूरतें अलग होती हैं।
फेफड़ों का कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर जैसी कई गंभीर बीमारियों के बारे में आपने सुना होगा। मगर आज हम कैंसर के एक प्रकार के बारे में जानेंगे जिसका संबंध सीधा पेट से संबंधित है। हम बात कर रहे हैं कोलन कैंसर की। कोलन कैंसर, जिसे 'कोलोरेक्टल कैंसर' भी कहा जाता है, पाचन तंत्र के अंतिम हिस्से बड़ी आंत या मलाशय में विकसित होता है। अधिकांश मामलों में इसकी शुरुआत छोटे, गैर-कैंसरयुक्त ऊतकों के समूह से होती है जिन्हें 'पॉलीप्स' कहा जाता है।
समय के साथ, इनमें से कुछ पॉलीप्स कैंसर का रूप ले सकते हैं। हालिया आंकड़ों के अनुसार भारत सहित दुनिया भर में कोलन कैंसर के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है, और यह कैंसर से होने वाली मौतों का दूसरा सबसे बड़ा कारण बन चुका है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर शुरुआती चरणों में 'स्क्रीनिंग' (जैसे कोलोनोस्कोपी) के जरिए पॉलीप्स का पता लगा लिया जाए, तो कैंसर बनने से पहले ही इन्हें हटाकर जान बचाई जा सकती है। इसलिए आइए इस लेख में इसी के बारे में विस्तार से जानते हैं।