फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Cancer Day 2024: बिना किसी प्रयास के तेजी से घटा रहा है वजन? सावधान- ये कैंसर का भी हो सकता है संकेत

Sun, 04 Feb 2024 06:53 AM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
बिना प्रयास के वजन कम होने की समस्या - फोटो : istock
कैंसर, दुनियाभर में सबसे गंभीर बीमारियों में से एक है। मेडिकल साइंस में प्रगति और कारगर उपचार के चलते अब ये लाइलाज बीमारी तो नहीं रही है, फिर भी अधिकतर लोगों के लिए इसका इलाज अब भी कठिन और महंगा ही है। तमाम प्रकार के कैंसर के कारण हर साल लाखों लोगों की मौत हो जाती है।

वैश्विक स्तर पर बढ़ते कैंसर के जोखिमों को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से हर साल चार फरवरी को विश्व कैंसर दिवस मनाया जाता है। विश्व कैंसर दिवस के इस साल का थीम है "क्लोज द केयर गैप" है। यह विषय दुनियाभर में मौजूद कैंसर देखभाल में असमानताओं पर प्रकाश डालता है। 

शोधकर्ता बताते हैं, कैंसर से मृत्यु का खतरा इसलिए अधिक है क्योंकि अधिकतर लोगों में रोग का पता ही तब चल पाता है जब ये बीमारी आखिरी के चरणों में पहुंच जाती है। अगर समय रहते इसके लक्षणों की पहचान कर ली जाए तो इसके जोखिमों से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है।  शोधकर्ताओं ने बताया, अगर डाइटिंग, व्यायाम या जीवनशैली में अन्य बदलावों के बिना ही आपका वजन तेजी से कम हो रहा है तो सावधान हो जाइए ये भी कुछ प्रकार के कैंसर का संकेत हो सकता है।
विज्ञापन

2 of 5
वजन घटना और कैंसर का संकेत - फोटो : Pexels.com
बिना प्रयास के वजन घटना समस्याकारक 

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि अचानक कुछ ही महीनों में तेजी से वजन कम होना कई प्रकार के कैंसर का शुरुआती संकेत हो सकता है। जर्नल ऑफ अमेरिकन मेडिकल एसोसिएशन में प्रकाशित एक अध्ययन में वैज्ञानिकों ने पाया कि बिना किसी अतिरिक्त प्रयास के जिन लोगों के शरीर के वजन का 10% से अधिक कम हो गया उनमें 12 महीने की अवधि में कैंसर के निदान का जोखिम अधिक देखा गया।

इस प्रकार के प्रति एक लाख लोगों पर लगभग 1,362 की दर से कैंसर विकसित हुआ। यानी कि बिना प्रयास के वजन कम होने की समस्या पर सभी लोगों को गंभीरता से ध्यान देते रहने की जरूरत है।
विज्ञापन

3 of 5
कैंसर का खतरा - फोटो : Pixabay
वजन कम होना और कैंसर का खतरा

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, वजन कम होने को बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में एक सकारात्मक कदम के रूप में देखा जाता है, पर अगर बिना किसी प्रयास के ही शरीर के वजन में बड़ी गिरावट आ रही है तो कभी-कभी ये कैंसर का संकेत हो सकती है।

हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के कैंसर इंस्टीट्यूट में ऑन्कोलॉजिस्ट और अध्ययन के सह-लेखक ब्रायन वोल्पिन कहते हैं, इस बारे में लोगों को बार-बार सचेत किया जाता रहा है कि अस्पष्टीकृत वजन घटने की समस्या के बारे में डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें। 

4 of 5
तेजी से वजन कम होने की समस्या - फोटो : Getty Images
अध्ययन में क्या पता चला?

हार्वर्ड में करीब 50 साल पहले साल 1986 में शुरू एक अध्ययन में 157,474 प्रतिभागियों को शामिल किया गया। हर दो साल में इनके वजन की जांच की गई। अध्ययन के निष्कर्ष में देखा गया कि जिन प्रतिभागियों का वजन तेजी से कम हुआ उनमें समय के साथ कैंसर विकसित होने का जोखिम अधिक देखा गया।  शोधकर्ताओं ने बताया, ये कई प्रकार के कैंसर का प्रमुख संकेतक हो सकता है जिसपर सभी लोगों को गंभीरता से ध्यान देते रहने की जरूरत है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
कैंसर के जोखिमों से करें बचाव - फोटो : istock
क्या कहते हैं शोधकर्ता?

अध्ययन के लिखकों में से एक ब्रिघम हॉस्पिटल के डॉक्टर माइकल रोसेंथल कहते हैं, वजन एक ऐसी चीज है जिसे अच्छी तरह से और नियमित अंतराल पर मापा जाना चाहिए। इसकी अधिकता या कमी दोनों ही समस्याकारक हो सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कैंसर बढ़ती बीमारी है जिसके कारण हर साल लाखों मौत हो जाती है, इससे बचाव के लिए लक्षणों पर गंभीरता से ध्यान देना और समय-समय पर डॉक्टरी सलाह से स्क्रीनिंग कराते रहना जरूरी है।



--------------
स्रोत और संदर्भ
Cancer Diagnoses After Recent Weight Loss

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें