मेडिटेशन के कई सारे फायदे
- फोटो : Freepik.com
थोड़ा समय मेडिटेशन को
दिल और दिमाग का गहरा संबंध होता है, इसलिए दिल की सेहत के लिए रोजाना सुबह मेडिटेशन करना बेहद फायदेमंद है। यह तनाव और चिंता को कम करता है, जो हृदय रोगों के प्रमुख कारणों में से एक है। नियमित मेडिटेशन मानसिक शांति देता है और दिल को मजबूत बनाता है। इसके साथ ही सुबह की सैर और हल्की एक्सरसाइज से शरीर में ऑक्सीजन का स्तर बढ़ता है और रक्त संचार सुधरता है। यदि बाहर टहलना संभव न हो तो घर की छत या लॉबी में वॉक करें। वॉकिंग एक बेहतरीन कार्डियो एक्सरसाइज है, जो दिल की कार्यक्षमता को सुधारती है।
ड्राई फ्रूट्स और सीड्स का सेवन
सुबह नियमित रूप से ड्राई फ्रूट्स और नट्स का सेवन दिन भर ऊर्जावान बनाए रखता है और स्वास्थ्य को लाभ पहुंचाता है। बादाम और अखरोट हार्ट-फ्रेंडली नट्स होते हैं, जिनको रात भर पानी में भिगोकर, सुबह छीलकर खाना चाहिए। ये दिल की सेहत के लिए बेहद लाभकारी होते हैं। साथ ही आप खुबानी भी खा सकती हैं, जिसमें पोटैशियम, फाइबर और एंटीऑक्सिडेंट गुण पाए जाते हैं। ये हाई ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने, बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने और शरीर की सूजन को घटाने में मदद करते हैं।
नाश्ते की प्लेट
आप परिवार को सेहतमंद रखने वाला नाश्ता कराएं। इसके लिए आप नाश्ते में ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर आहार, जैसे- ओट्स, फल, नट्स, अलसी, चिया सीड्स, एवोकाडो, लो-फैट दही, साबुत अनाज, हरी सब्जियां, अंकुरित अनाज और ग्रीन टी शामिल करें। ये ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करते हैं और हार्ट अटैक, स्ट्रोक तथा हार्ट फेलियर के खतरे को कम करते हैं। याद रखें, नाश्ता फाइबर, एंटीऑक्सिडेंट और पोषण से भरपूर होना चाहिए, न कि अत्यधिक तला-भुना और मसालेदार।