शरीर को स्वस्थ रखने के लिए जितना जरूरी रोजाना रात में अच्छी नींद लेना है, उतना ही समय पर सोना और जागना भी है। ज्यादातर अध्ययन कहते हैं, रात में 10 बजे तक सो जाना चाहिए। मेटाबॉलिज्म को ठीक रखने और आपको कई प्रकार की बीमारियों से बचाए रखने के लिए ये जरूरी है।
हालांकि डॉक्टर्स कहते हैं, बड़ी संख्या में ऐसे भी लोग हैं जो देर रात या 12 बजे के बाद सोते हैं। रात में देर से सोने और नींद पूरी न होने की स्थिति सेहत के लिए कई प्रकार से हानिकारक हो सकती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया, अगर आप रात में अक्सर देर से सोते हैं तो इससे मूड से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। दीर्घकालिक तौर पर इसके सेहत से संबंधित और भी कई तरह के नुकसान हो सकते हैं। आजकल की दौड़ती-भागती जीवनशैली, बढ़ते डिजिटल स्क्रीन के इस्तेमाल और काम के दबाव के कारण नींद भी काफी अधिक प्रभावित हो गई है। अगर आप भी इसका शिकार हैं तो सावधान हो जाइए।