देश के ज्यादातर हिस्से इन दिनों भीषण गर्मी और लू का प्रकोप झेल रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, जैसे-जैसे तापमान बढ़ता है, सेहत के लिए मुश्किलें भी बढ़ती जाती हैं। अमर उजाला में प्रकाशित रिपोर्ट्स में हमने बताया कि किस तरह से
गर्मी बच्चों के लिए बेहद खतरनाक हो सकती है और किस तरह से ये लोगों में
किडनी की बीमारियों का कारण बन सकती है।
गर्मी के दिनों में शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) होना काफी आम है। विशेषज्ञ कहते हैं, इस मौसम में सिर्फ पानी पीना ही काफी नहीं है, बल्कि शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स के संतुलन को बनाए रखना बहुत जरूरी है। इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी चक्कर आने, कमजोरी, लो ब्लड प्रेशर जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम बढ़ाने वाली हो सकती है।
इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी और इसके कारण होने वाली समस्याओं को लेकर तो खूब चर्चा होती है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ये इलेक्ट्रोलाइट्स आखिर होते क्या हैं और ये इतने जरूरी क्यों हैं?