फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Health Tips: एंटीऑक्सीडेंट्स का पावरहाउस है डार्क चॉकलेट, दिल से लेकर दिमाग की ताकत बढ़ाने तक इसके कई फायदे

Sun, 18 Jan 2026 02:58 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • जिन लोगों को हाई ब्लड प्रेशर की समस्या रहती है, उन्हें डार्क चॉकलेट खाने की सलाह दी जाती है। ऐसा इसलिए है क्योंकि डार्क चॉकलेट में फ्लेवोनोइड पाया जाता है जो नाइट्रिक ऑक्साइड के उत्पादन को बढ़ावा देने में मदद करता है।
विज्ञापन
1 of 4
डार्क चॉकलेट के फायदे - फोटो : Freepik.com
एंटीऑक्सीडेंट्स का बेहतर स्रोत होने के कारण डार्क चॉकलेट को काफी लाभकारी माना जाता रहा है। फिटनेस के प्रति उत्साही लोगों के बीच ये काफी पसंदीदा भी रहे हैं। अध्ययनों में भी डार्क चॉकलेट के कई संभावित स्वास्थ्य लाभ के बारे में जिक्र मिलता है। शोध बताते हैं कि इसका सेवन हृदय स्वास्थ्य के लिए अच्छा है। यह रक्तचाप को कम करने और हृदय में रक्त के प्रवाह को बढ़ाने में भी सहायक है। डार्क चॉकलेट को ब्रेन फंक्शन के लिए भी अच्छा माना जाता है, अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि इसके सेवन से स्ट्रोक का खतरा कम होता है। इसके अलावा प्रभावी एंटीऑक्सीडेंट शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करते हैं।

शोधकर्ताओं ने पाया कि स्ट्रेस को दूर करने के लिए भी डार्क चॉकलेट का सेवन करना बेहतर विकल्प हो सकता है। हालांकि इसका अधिक सेवन आपके लिए नुकसानदायक भी हो सकता है। 

आइए जानते हैं कि डार्क चॉकलेट वास्तव में आपके लिए कितने स्वास्थ्यवर्धक हैं और इससे किस प्रकार के साइड इफेक्ट्स का खतरा हो सकता है?
विज्ञापन

2 of 4
चॉकलेट खाने से क्या होता है? - फोटो : Freepik.com
ब्लड प्रेशर की समस्या में फायदेमंद

जिन लोगों को हाई ब्लड प्रेशर की समस्या रहती है, उन्हें डार्क चॉकलेट खाने की सलाह दी जाती है। ऐसा इसलिए है क्योंकि डार्क चॉकलेट में फ्लेवोनोइड पाया जाता है जो नाइट्रिक ऑक्साइड के उत्पादन को बढ़ावा देने में मदद करता है। इससे धमनियों को खोलने में मदद मिलती है और रक्त का संचार बेहतर बना रहता है।  अध्ययनों से पता चलता है कि कोकोआ और डार्क चॉकलेट का संयमित मात्रा में सेवन रक्तचाप को नियंत्रित रखने में मददगार हो सकता है। 


ब्रेन फंक्शन में होता है सुधार 

डार्क चॉकलेट आपके मस्तिष्क के कार्यों में भी सुधार करता है। यही कारण है कि तनाव-स्ट्रेस जैसी समस्याओं को कम करने के लिए इसके सेवन की सलाह दी जाती है। अध्ययनों से पता चलता है कि हाई फ्लेवनॉल कोकोआ वाली चीजों के सेवन से वयस्कों के मस्तिष्क में रक्त के प्रवाह में सुधार हो सकता है। कोकोआ फ़्लेवोनॉइड को दीर्घकालिक रूप से अल्जाइमर जैसे रोगों के खतरे को कम करने वाला भी पाया गया है।
विज्ञापन

3 of 4
डार्क चॉकलेट खाने के फायदे - फोटो : Freepik.com
डार्क चॉकलेट के इन फायदों के बारे में भी जानिए

डार्क चॉकलेट में कोकोआ पाया जाता है जिसे अध्ययनों में कई प्रकार से हमारी सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है। 
  • शरीर में रक्त प्रवाह में सुधार करता है।
  • रक्तचाप कम करने में मददगार।
  • बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करता है।
  • शरीर में इंफ्लामेशन और इंसुलिन प्रतिरोध को कम करता है।
  • न्यूरॉन्स की गतिविधि को बेहतर बनाने और मस्तिष्क की क्षमता में सुधार करने में इसके लाभ हैं।
विज्ञापन

4 of 4
सेहत का रखें खास ध्यान - फोटो : Freepik.com
इन दुष्प्रभावों के बारे में भी जानिए

डार्क चॉकलेट वैसे तो शरीर के लिए विशेष लाभप्रद है पर इसका अधिक सेवन नुकसानदायक भी हो सकता है। डार्क चॉकलेट के दुष्प्रभाव इसमें मौजूद कैफीन से संबंधित हो सकते हैं। इसके अधिक सेवन के कारण नींद न आना, घबराहट, पेशाब अधिक होने, दिल की धड़कन में अनियमितता, त्वचा की एलर्जी, मतली और पेट की समस्याएं जैसे गैस और कब्ज हो सकती है। हमेशा कम मात्रा में ही इसका सेवन किया जाना चाहिए। 




--------------
नोट: यह लेख डॉक्टर्स का सलाह और मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें