कैंसर, वैश्विक स्तर पर मृत्यु के प्रमुख कारकों में से एक है। हर साल तमाम प्रकार के कैंसर के कारण लाखों लोगों की मौत हो जाती है। हालिया रिपोर्ट्स बताते हैं कि कम उम्र के लोगों में भी कैंसर काफी तेजी से बढ़ता जा रहा है। विशेषतौर पर 30-40 की आयु वालों में कोलन कैंसर के मामले अब अधिक देखे जा रहे हैं।
हालिया रिपोर्ट से पता चलता है कि कोलन कैंसर पहले से कहीं अधिक, युवाओं (पुरुषों और महिलाओं) की जान ले रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, हर किसी में इसका खतरा हो सकता है, कुछ आदतें इसके जोखिम को बढ़ाती हुई देखी गई हैं।
कोलोरेक्टल (कोलन) कैंसर 50 से कम उम्र के पुरुषों में सबसे घातक कैंसर है, इसी आयु वर्ग की महिलाओं में स्तन कैंसर के बाद यह दूसरा सबसे घातक कैंसर है। कोलन कैंसर की घटनाएं पिछले दो दशकों से बढ़ रही हैं। डॉक्टर कहते हैं, सभी लोगों को इसके लक्षणों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।