शरीर को स्वस्थ रखने के लिए नियमित रूप से पोषक तत्वों से भरपूर चीजों के सेवन की सलाह दी जाती है, इसके लिए आहार में फलों को शामिल करना सबसे बेहतर विकल्प माना जाता है। फलों में शरीर के लिए आवश्यक कई प्रकार के पोषक तत्वों का भंडार होता है जोकि कई तरह की बीमारियों के जोखिम को कम करने में सहायक है। हालांकि कुछ फलों को लेकर अक्सर लोगों के मन में कई प्रकार के प्रश्न रहते हैं। इस लेख में हम अंगूर के सेवन से होने वाले फायदों को जानने के साथ यह जानने की भी कोशिश करेगे कि बाजार में मिलने वाले काले और हरे अंगूरों में क्या अंतर है? सेहत के लिहाज से किसे ज्यादा फायदेमंद माना जाता है? काले और हरे अंगूरों में चयन को लेकर अक्सर लोगों में कंफ्यूजन की स्थिति देखने को मिलती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं कि वैसे तो दोनों ही तरह के अंगूर को शरीर के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। हालांकि कुछ अध्ययनों में इस बात के प्रमाण मिलते हैं कि काले अंगूर की कुछ किस्मों में हरे या लाल अंगूर की तुलना में बहुत अधिक एंटीऑक्सीडेंट होते हैं। ये रासायनिक यौगिक आपकी कोशिकाओं को नुकसान से बचाने में मदद करते हैं। इसका सेवन कैंसर, मधुमेह, अल्जाइमर, पार्किंसंस और हृदय रोग जैसी बीमारियों से आपको बचा सकता है। आइए दोनों अंगूरों के बारे में जानते हैं।