भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण के मामलों की संख्या 21 हजार के पार पहुंच गई है और मरने वालों की संख्या 680 पार हो गई है। राजधानी दिल्ली और मुंबई में सबसे ज्यादा हालत खराब है। दिल्ली में हॉटस्पॉट की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। लॉकडाउन-2 के कुछ दिन निकल गए हैं लेकिन संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। हालांकि, इस बीच कुछ राज्यों से अच्छी खबरें भी आई हैं।
ऐसे में कोरोना वायरस के मरीजों का जल्द से जल्द पता लगाने के लिए सरकार ने पहले के मुकाबले टेस्टिंग बढ़ा दी है। अब संदिग्ध इलाकों में पूल टेस्टिंग और रैपिड टेस्टिंग के जरिए कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों का पता लगाया जा रहा है।
हाल ही में इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने पूल टेस्टिंग के लिए अनुमति दी है। अपनी एडवाइजरी में आईसीएमआर ने लिखा है कि जैसे कोविड 19 के मामले बढ़ रहे हैं, ऐसे में टेस्टिंग बढ़ाना महत्वपूर्ण है। हालांकि, मामले पॉजिटिव आने की दर कम है तो इसमें पूल टेस्टिंग से मदद मिल सकती है।