ऑफिस से शाम को घर आने पर या किसी खास शारीरिक मेहनत वाले काम के बाद थकान लगना स्वाभाविक है। हालांकि अगर आपको अक्सर ही इस तरह की दिक्कतों का अनुभव होता रहता है तो इस बारे में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत हो जाती है। अक्सर बनी रहने वाली थकान की समस्या शरीर में विटामिन्स की कमी या फिर किसी गंभीर रोग के कारण भी हो सकती है।
सामान्यतौर पर इसके लिए विटामिन बी-12 की कमी को प्रमुख कारण के रूप में जाना जाता है। विटामिन बी-12, शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसकी कमी होने के कारण शरीर में ऑक्सीजन का स्तर भी असंतुलित हो जाता है।
शरीर को बेहतर तरीके से काम करते रहने के लिए विटामिन बी-12 की आवश्यकता होती है। लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण और तंत्रिका तंत्र की रक्षा के लिए इस विटामिन की दैनिक रूप से शरीर को आवश्यकता होती है। आहार के माध्यम से इस विटामिन की पूर्ति की जा सकती है, हालांकि जिन लोगों में इसकी कमी हो जाती है उन्हें डॉक्टर सप्लीमेंट्स लेने की भी सलाह दे सकते हैं। विटामिन बी-12 प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने, मेटाबॉलिज्म को ठीक रखने और शरीर को ऊर्जावान बनाए रखने में सहायक है। आइए जानते हैं कि थकान और कमजोरी की स्थिति में किन चीजों का सेवन करना आपमें इस विटामिन की आवश्यकताओं की पूर्ति कर सकता है?