फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Healthy Diet: विटामिन ए से लेकर ई तक, अच्छी सेहत के लिए जान लीजिए क्यों जरूरी हैं ये पांच विटामिन्स

Sun, 09 Feb 2025 10:00 AM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

शरीर को बीमारियों से बचाए रखना चाहते हैं तो सुनिश्चित करें कि आपके आहार में विटामिन्स से भरपूर चीजें शामिल हों। आहार विशेषज्ञ कहते हैं, अच्छी सेहत के लिए रोजाना सभी विटामिन्स का संतुलित मात्रा में सेवन जरूरी है।
विज्ञापन
1 of 5
शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्व - फोटो : Freepik.com
शरीर को स्वस्थ बनाए रखने के लिए पौष्टिक आहार का सेवन करना बहुत आवश्यक माना जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, अगर हम सभी सिर्फ आहार में ही सुधार कर लें तो कई प्रकार की बीमारियों से बचाव हो सकता है। हालिया अध्ययनों से पता चलता है कि प्लांट बेस्ड डाइड के सेवन की आदत बना लें ये आपको हृदय रोग, मोटापा, डायबिटीज सहित कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचाने में फायदेमंद हो सकती है।

शरीर को स्वस्थ रखना चाहते हैं तो सुनिश्चित करें कि आपके आहार में विटामिन्स से भरपूर चीजें शामिल हों। आहार विशेषज्ञ कहते हैं, अच्छी सेहत के लिए रोजाना कई प्रकार के विटामिन्स का संतुलित मात्रा में सेवन जरूरी है। इनकी कमी से विभिन्न शारीरिक समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

वैज्ञानिक शोध बताते हैं कि प्राकृतिक स्रोतों से विटामिन्स प्राप्त करना अधिक फायदेमंद होता है। आइए जानते हैं कि हमें रोजाना किन विटामिन्स का सेवन जरूर करना चाहिए और इसके लिए आहार में किन चीजों को शामिल करना जरूरी है?
विज्ञापन

2 of 5
खान पान में करें सुधार - फोटो : Freepik.com
विटामिन ए वाली चीजें जरूर खाएं

विटामिन-ए हमारे शरीर के लिए कई प्रकार से महत्वपूर्ण है। यह आंखों की रोशनी को तेज बनाए रखने के साथ रतौंधी (नाइट ब्लाइंडनेस) जैसी दुर्लभ समस्याओं से भी बचाती है। त्वचा, बाल और प्रतिरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए विटामिन-ए बहुत जरूरी है।

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ (NIH) के अनुसार, विटामिन-ए की कमी के कारण दृष्टि संबंधी समस्याएं और प्रतिरोधक क्षमता में गिरावट आ सकती है। एक अध्ययन में पाया गया कि विटामिन-ए युक्त खाद्य पदार्थ (गाजर, पालक, दूध) खाने से संक्रमण का खतरा भी कम हो जाता है। गाजर, शकरकंद, हरी पत्तेदार सब्जियां, अंडे, मछली और दूध इसका अच्छा स्रोत माने जाते हैं।
विज्ञापन

3 of 5
विटामिन-बी के फायदे - फोटो : freepik.com
विटामिन-बी के लाभ

विटामिन-ए की तरह विटामिन-बी भी हमारी सेहत के लिए आवश्यक है। ये विटामिन ऊर्जा उत्पादन, मस्तिष्क की कार्यक्षमता को बढ़ाने और लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में मदद करता है। त्वचा, नाखून और बालों को स्वस्थ बनाए रखने में भी विटामिन-बी वाली चीजें लाभप्रद हैं।

अमेरिकन जर्नल ऑफ क्लिनिकल न्यूट्रिशन के अनुसार, विटामिन बी12 की कमी न्यूरोलॉजिकल समस्याएं पैदा कर सकती है। गर्भवती महिलाओं के लिए फोलिक एसिड (B9) जरूरी होता है क्योंकि यह भ्रूण के न्यूरल ट्यूब दोषों को रोकता है। साबुत अनाज, हरी पत्तेदार सब्जियां, अंडे, दूध, मांस, दालें इस विटामिन का अच्छा स्रोत हैं।

4 of 5
विटामिन-सी वाली चीजें - फोटो : Freepik.com
विटामिन सी और डी

विटामिन सी और डी दोनों को ही शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए फायदेमंद माना जाता रहा है। विटामिन-सी का सेवन कोलेजन उत्पादन में मददगार है जिससे त्वचा, हड्डियों और दांतों को लाभ मिलता है। हार्वर्ड मेडिकल स्कूल के शोध के अनुसार, आहार के माध्यम से विटामिन-सी की पर्याप्त मात्रा प्राप्त करने से हृदय रोगों और उच्च रक्तचाप का खतरा कम हो सकता है। संतरा, नींबू, आंवला, स्ट्रॉबेरी, शिमला मिर्च, ब्रोकली आदि विटामिन-सी से भरपूर हैं। 

इसी तरह विटामिन-डी भी इम्युनिटी बढ़ाने वाली विटामिन मानी जाती है। यह विटामिन कैल्शियम के अवशोषण को बढ़ाकर हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाता है। जर्नल ऑफ क्लिनिकल एंडोक्रिनोलॉजी एंड मेटाबोलिज्म के अनुसार, विटामिन डी की कमी से हड्डियों की कमजोरी, अवसाद और प्रतिरोधक क्षमता में गिरावट आ सकती है। सूरज की रोशनी, मछली, अंडे, मशरूम, दूध से आप विटामिन-डी प्राप्त कर सकते हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
पौष्टिक चीजों का करिए सेवन - फोटो : Freepik.com
विटामिन-ई क्यों जरूरी है?

विटामिन-ई एक प्रभावी एंटीऑक्सीडेंट है जो न सिर्फ इम्युनिटी को मजबूत करती है साथ ही इससे त्वचा और बालों को भी लाभ मिलता है।

एंटीऑक्सीडेंट गुणों के कारण ये विटामिन कोशिकाओं को क्षति से बचाती है। हृदय और रक्त संचार प्रणाली को स्वस्थ रखने में भी इससे लाभ मिलता है। नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के अनुसार, आहार के माध्यम से विटामिन-ई प्राप्त करने से त्वचा पर झुर्रियों को कम किया जा सकता है और ये अल्जाइमर रोग से बचाव में भी लाभकारी है। बादाम, सूरजमुखी के बीज, पालक, एवोकाडो, मूंगफली को विटामिन-ई का स्रोत माना जाता है।



----------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें