Medically Reviewed by-
डॉ विक्रमजीत सिंह
(डिपार्टमेंट ऑफ इंटरनेल मेडिसिन)
आकाश हेल्थकेयर, दिल्ली
कोरोना संक्रमण से बचे रहने के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों से वैक्सीन लगवाने की अपील कर रहे हैं। जो लोग कोरोना से संक्रमित रह चुके हैं, उन्हें संक्रमण से ठीक होने के 90 दिनों बाद टीकाकरण कराने की सलाह दी जाती है। विशेषज्ञों का मानना है कि संक्रमण से ठीक होने के बाद शरीर में बनीं एंटीबॉडीज अगले संक्रमण से सुरक्षा दे सकती हैं, ऐसे में इन लोगों को तीन महीने के बाद वैक्सीनेशन कराना चाहिए। कुछ अध्ययनों में कहा जा रहा है कि जो लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं, उनके लिए वैक्सीन की एक डोज ही पर्याप्त है, इससे ही शरीर में पर्याप्त प्रतिरक्षा एंटीबॉडीज विकसित हो जाती हैं। इन सूचनाओं के बीच लोगों के मन में एक सवाल अब भी बना हुआ है कि कोविड से रिकवर हो चुके लोगों को वैक्सीन की एक ही डोज लेनी चाहिए, या दोनों?
कुछ अध्ययनों में बताया जा रहा है कि दुनियाभर में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के म्यूटेटेड वैरिएंट्स से मुकाबले के लिए वैक्सीन की दोनों खुराक बेहद जरूरी है, शरीर में पूर्ण प्रतिरक्षा तभी विकसित हो सकती है। आइए इस बारे में विशेषज्ञों से समझते हैं कि एक बार कोरोना को मात दे चुके लोगों के लिए वैक्सीन की एक डोज पर्याप्त है, या दोनों की आवश्यकता है?