आप बीमारियों की पहचान कैसे करते हैं? शरीर पर दिखने वाले लक्षण या फिर जांच की रिपोर्ट के आधार पर। पर क्या आप जानते हैं कि जीभ को देखकर भी आप शरीर में होने वाली कई प्रकार की समस्याओं का अंदाजा लगा सकते हैं? स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, जीभ के रंग को देखकर आप शरीर में कई प्रकार के संक्रमण और गंभीर बीमारियों का भी पता लगा सकते हैं। मुंह में होने वाले छाले, पैच और स्पॉट आमतौर पर हानिरहित होते हैं, लेकिन कभी-कभी ये आपके समग्र स्वास्थ्य के बारे में भी बताते हैं।
डॉक्टर कहते हैं, जीभ में अगर आपको कुछ समय से असामान्य परिवर्तन दिख रहा है या फिर इसके रंग में कोई बदलाव नजर आ रहा है तो सावधान हो जाने की आवश्यकता है। कुछ स्थितियों में ये समस्याकारक संकेत हो सकता है जिसका समय रहते इलाज किया जाना आवश्यक हो जाता है।