फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Health Tips: विशेषज्ञों ने बताया- साइकिल चलाने वाले लोग रहते हैं ज्यादा स्वस्थ, जानिए इसके क्या-क्या फायदे हैं

Fri, 11 Nov 2022 07:00 AM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
नियमित साइकिलिंग से होने वाले फायदे - फोटो : istock
करीब एक-दो दशक पहले तक, जब यातायात के लिए मोटरसाइकिल और गाड़ियों की इतनी उपलब्धता नहीं थी, तो लोगों के लिए साइकिल ही प्रमुख साधन हुआ करती थी। साइकिल से ही कई किलोमीटर तक की यात्रा की जाती थी। इसका ही प्रभाव था कि उस समय लोग आज की तुलना में कम बीमार होते थे, हृदय रोग-डायबिटीज जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम भी कम होता था। हालांकि जैसे-जैसे साइकिल की जगह अन्य वाहनों ने ली, लोगों में शारीरिक निष्क्रियता के कारण कई प्रकार की बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ने लगा।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी पाया कि साइकिल चलाने वाले लोग ज्यादा स्वस्थ होते हैं और उनमें कई प्रकार की क्रोनिक बीमारियों का जोखिम भी कम होता है। सभी उम्र के लोगों को नियमित रूप से व्यायाम करने की सलाह दी जाती है, इसमें साइकिलिंग भी एक बेहतर अभ्यास हो सकता है।

साइकिल चलाने के दौरान शरीर की कई बड़ी मांसपेशियों का अभ्यास हो जाता है, रक्त का संचार बेहतर होता है और हृदय-फेफड़े मजबूत होते हैं। डॉक्टर्स कहते हैं, अगर रोजाना 20-30 मिनट साइकिल चलाने की आदत बना ली जाए तो कई गंभीर बीमारियों के जोखिम को कम किया जा सकता है। आइए रोजाना साइकिल चलाने से सेहत को होने वाले फायदों के बारे में जानते हैं। 
विज्ञापन

2 of 5
वजन कम करने के उपाय - फोटो : iStock
वजन बढ़ने से रोकती है साइकिलिंग

साइकिल चलाने से आपको वजन कम करने में मदद मिल सकती है। इस आदत के कारण शरीर में वसा के स्तर को कम किया जा सकता है, जिससे बेली फैट और मोटापे जैसी समस्याओं का जोखिम कम होता है। अध्ययनों से पता चलता है कि नियमित साइकिल चलाना स्ट्रेंथ ट्रेनिंग का अभ्यास है, जो मेटाबॉलिज्म को बढ़ाने, मांसपेशियों को मजबूती देने और कैलोरी बर्न करने में फायदेमंद है। साइकिल चलाने से आसानी से कैलोरी बर्न करने में मदद मिलती है जिससे वजन को कंट्रोल में रखा जा सकता है।
विज्ञापन

3 of 5
फेफड़ों के लिए साइकिलिंग के लाभ - फोटो : iStock
हृदय-फेफड़े होते हैं मजबूत

साइकिल चलाना, अन्य प्रकार के एरोबिक व्यायाम की तरह, हृदय, फेफड़े और मांसपेशियों के लिए काफी फायदेमंद हो सकता है। यह पूरे शरीर में रक्त परिसंचरण को सुधारने के साथ रक्तचाप और ऑक्सीजन के स्तर को बेहतर रखने में मददगार अभ्यास है। साइकिलिंग से फेफड़ों की अच्छी स्ट्रेचिंग होती है जिससे शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ती है। शोध में पाया गया कि जो लोग नियमित रूप से साइकिल चलाने वाले वर्कआउट करते हैं, उनमें अन्य लोगों की तुलना में हृदय रोग का खतरा कम होता है।

4 of 5
डायबिटीज की समस्या और उपचार - फोटो : istock
डायबिटिक रोगियों के लिए फायदेमंद

साइकिल चलाने की आदत हृदय के साथ-साथ डायबिटीज की समस्या वाले लोगों के लिए भी लाभकारी मानी जाती है। मेडिसिन एंड साइंस इन स्पोर्ट्स एंड एक्सरसाइज में प्रकाशित एक अध्ययन से पता चलता है कि रोजाना 30-45 मिनट मध्यम गति से साइकिल चलाने वालों में ब्लड शुगर का स्तर बढ़ने का खतरा कम पाया गया। साइकिलिंग डायबिटीज के अन्य कारकों जैसे मोटापा और मेटाबॉलिज्म की समस्या को भी कम करती है। ऐसे में इसके अभ्यास के विशेष लाभ हो सकते हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
साइकिलिंग चलाने से मानसिक स्वास्थ्य को लाभ - फोटो : Pixabay
मानसिक स्वास्थ्य में लाभ

नियमित साइकिलिंग करने वालों में मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम अन्य लोगों की तुलना में कम होता है और यह दिमाग की शक्ति बढ़ाने और उसे स्वस्थ रखने में भी सहायक है। साइकिल चलाने से तनाव, अवसाद या चिंता की भावनाओं को कम किया जा सकता है। साइकिलिंग, एरोबिक व्यायाम का हिस्सा है ऐसे में यह फील गुड हार्मोन्स के स्राव को बढ़ाने और तनाव को कम करने में भी आपके लिए मददगार हो सकती है। अध्ययन में पाया गया कि यह वृद्ध लोगों में संज्ञानात्मक सुधार में भी मददगार अभ्यास हो सकता है।



--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें