Kan me Siti Bajne Par Kya Karen: कानों में अचानक सीटी जैसी आवाज आना, घंटी बजना या 'हिसिंग' की आवाज सुनाई देना एक ऐसी स्थिति है जिसे हेल्थ एक्सपर्ट्स टिनिटस कहते हैं। अक्सर लोग इसे थकान या सामान्य समस्या मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यह आपके कान के भीतर मौजूद नाजुक नसों और 'कोक्लीया' की कोशिकाओं में क्षति का एक गंभीर संकेत हो सकता है।
जब कान के बाहरी हिस्से से कोई आवाज नहीं आ रही होती, फिर भी दिमाग के अंदर आपको शोर सुनाई देता है, तो यह आपकी सुनने की क्षमता के लिए खतरे की घंटी हो सकती है। टिनिटस अपने में कोई बीमारी नहीं है, बल्कि यह किसी अंतर्निहित समस्या जैसे कि सुनने की शक्ति का कम होना, कान में संक्रमण, या ब्लड सर्कुलेशन में गड़बड़ी का एक लक्षण है।
अगर इस दौरान सही सावधानी न बरती जाए और कुछ सामान्य गलतियां की जाएं, तो यह स्थिति स्थायी बहरेपन में बदल सकती है। इसलिए कान में होने वाली किसी भी असामान्य आवाज को गंभीरता से लेना और समय पर डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है।