RO Water Side Effects: आजकल लगभग हर घर में 'रिवर्स ऑस्मोसिस' यानी आरओ वाटर प्यूरीफायर का इस्तेमाल हो रहा है, जिसे हम शुद्धता की गारंटी मानते हैं। मगर क्या आप जानते हैं कि जिस पानी को आप सबसे सुरक्षित समझ रहे हैं, वह धीरे-धीरे आपके शरीर को कमजोर कर रहा है? चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, आरओ फिल्टर पानी को साफ करने की प्रक्रिया में उसमें मौजूद धूल और बैक्टीरिया के साथ-साथ शरीर के लिए अनिवार्य प्राकृतिक खनिजों को भी पूरी तरह खत्म कर देता है।
डॉक्टर शालिनी सिंह सोलंकी ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि आरओ का पानी शरीर से जरूरी न्यूट्रिएंट्स 'चुरा' रहा है। आरओ तकनीक पानी को साफ करने की प्रक्रिया में उसमें मौजूद कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे अनिवार्य खनिजों को पूरी तरह खत्म कर देती है। इसकी वजह से शरीर में धीरे-धीरे पोषक तत्वों का असंतुलन पैदा होने लगता है, जिसे हम अक्सर सामान्य थकान मानकर नजरअंदाज कर देते हैं।
डब्ल्यूएचओ की कई रिपोर्ट्स में चेतावनी दी गई है कि लंबे समय तक 'डि-मिनरलाइज्ड' यानी खनिज विहीन पानी पीने से शरीर में पोषक तत्वों की भारी कमी हो सकती है। डॉक्टर सोलंकी के अनुसार, जिस पानी को हम सबसे सुरक्षित मान रहे हैं, वह वास्तव में शरीर की आंतरिक कार्यप्रणाली को धीमा कर रहा है। अगर आप भी प्यास बुझाने के लिए पूरी तरह आरओ पर निर्भर हैं, तो इसके वैज्ञानिक दुष्प्रभावों को समझना आपके और आपके परिवार के लिए बेहद जरूरी है।