राजधानी दिल्ली-एनसीआर इन दिनों एच1एन1 यानी स्वाइन फ्लू के व्यापक चपेट में है। बड़ी संख्या में लोग तेज बुखार, खांसी-जुकाम और सांस से संबंधित लक्षणों के साथ अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। इनमें से कई लोगों में जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि भी हो रही है। आंकड़े बताते हैं कि पिछले साल की तुलना में इस बार पहले से ही इस संक्रामक रोग के मामले 6 गुना से अधिक हैं। ऐसे में लगातार बढ़ती मरीजों की संख्या स्वास्थ्य विशेषज्ञों के लिए और भी चिंता बढ़ाती जा रही है। इस साल दिल्ली में इन्फ्लुएंजा-ए के 2,300 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। 20 अगस्त तक ये मामले 1,777 के करीब थे।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ लगातार लोगों से बचाव के उपाय करते रहने की सलाह दे रहे हैं। दिल्ली सरकार ने लोगों से अपील की है कि स्वच्छता का ध्यान रखें, भीड़-भाड़ वाली जगहों से बचें, खांसते-छींकते समय मुंह-नाक ढकें, साबुन से हाथ धोएं और जरूरत पड़ने पर मास्क पहनें। अस्पतालों में पर्याप्त बेड, डॉक्टर, दवाएं और उपकरण उपलब्ध हैं। 35 अस्पतालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सरकार स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।
अब सवाल ये है कि क्या कोई ऐसा तरीका है जो पहले से आपमें संक्रमण के खिलाफ ढाल बना सके, क्या स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए कोई वैक्सीन है?