हृदय रोग, दुनियाभर में मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक है। सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) के आंकड़ों के मुताबिक संयुक्त राज्य अमेरिका में हृदय रोगों से हर 33 सेकंड में एक व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है। 2021 में अमेरिका में लगभग सात लाख लोगों के लिए मौत का ये प्रमुख कारण रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं सभी लोगों को निरंतर हृदय की सेहत का ध्यान रखना चाहिए, कोरोना के बाद से कम उम्र के लोग भी इसके शिकार होते जा रहे हैं। लाइफस्टाइल और आहार में गड़बड़ी हृदय स्वास्थ्य पर और भी नकारात्मक असर डाल रही है।
अध्ययनकर्ताओं ने बताया, अगर दिनचर्या और आहार में कुछ प्रकार के बदलाव कर लिए जाएं तो न सिर्फ हृदय स्वास्थ्य में सुधार किया जा सकता है, साथ ही ये हृदय रोगों के कारण होने वाली मौत के जोखिमों से भी आपको बचाने में सहायक हो सकती है। हालिया अध्ययन में ऑलिव ऑयल के उपयोग को लेकर विशेषज्ञों ने बड़ी उम्मीद जताई है।