मेडिकल साइंस मानता है कि जब हमारे शरीर में किसी तरह की समस्या पनप रही होती है तो इसके संकेत कई प्रकार से नजर आने लगते हैं, जिनपर समय रहते ध्यान देने की आवश्यकता होती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, लिवर-किडनी की दिक्कतों से लेकर कैंसर तक की गंभीर समस्या तक का, इसके लक्षणों के आधार पर अंदाजा लगाया जा सकता है। सामान्यतौर पर त्वचा, आंखों, उंगलियों आदि में इससे संबंधित बदलाव सबसे पहले नजर आने लगते हैं।
क्या आप जानते हैं कि हमारे चेहरे में कुछ बदलाव और लक्षणों के आधार पर पेट के कैंसर की समस्या का शुरुआती अंदाजा लगाया जा सकता है?
डॉक्टर्स बताते हैं, पेट का कैंसर जिसे गैस्ट्रिक कैंसर के नाम से भी जाना जाता है यह डीएनए म्यूटेशन के कारण होने वाली समस्या है जिसमें पेट की अंदुरुनी परत पर असामान्य कोशिकाओं की अनियंत्रित वृद्धि होने लगती है। प्रारंभिक अवस्था में यह रोग कई अस्पष्ट लक्षण पैदा करता है जिसे अक्सर लोग पाचन या पेट की परेशानी मानकर भ्रमित हो जाते हैं। हालांकि पेट के कैंसर के कुछ ऐसे लक्षण भी हैं जो चेहरे पर नजर आते हैं। अगर समय रहते इनपर ध्यान दे दिया जाए तो इस जानलेवा समस्या को शुरुआती स्तर पर ठीक करने के प्रयास किए जा सकते हैं। आइए जानते हैं कि चेहरे पर किस प्रकार के संकेत के आधार पर इस खतरे का अंदाजा लगाया जा सकता है?