फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विशेषज्ञों की सलाह- लिफ्ट की जगह सीढ़ियों का करें प्रयोग, 50 सीढ़ी चढ़ना 2000 कदम चलने जितना लाभकारी

Fri, 07 Jul 2023 05:28 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 4
सीढ़ियां चढ़ने से होने वाले स्वास्थ्य लाभ - फोटो : istock
नियमित व्यायाम से सिर्फ आपका फिटनेस ही ठीक नहीं रहता, ये कई क्रोनिक बीमारियों के जोखिम को कम करने में भी आपके लिए कारगर तरीका हो सकता है। अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के शोधकर्ताओं का कहना है कि सभी उम्र के लोगों को नियमित रूप से 30-45 मिनट के व्यायाम का लक्ष्य रखना चाहिए। क्या आप ऐसा कर पा रहे हैं? अगर नहीं तो यह सेहत के लिए कई प्रकार से नकारात्मक प्रभावों वाला हो सकता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कई क्रोनिक बीमारियों के लिए मुख्यरूप से शारीरिक निष्क्रियता को ही प्रमुख कारण माना जा रहा है। विशेषकर जो लोग ऑफिस में लंबे समय तक बैठे रहते हैं, उनके लिए जोखिम और भी कई प्रकार से बढ़ सकता है। इसके लिए आपको दैनिक जीवनशैली में कुछ बदलाव करने की आवश्यकता है।

अगर आप लिफ्ट का प्रयोग करते हैं तो इसे बंद करें और सीढ़ियों का प्रयोग करें। सीढ़ी चढ़ने के उसी प्रकार के लाभ हैं जैसे नियमित वॉकिंग और सप्ताह में पांच दिन 30 मिनट व्यायाम के।
विज्ञापन

2 of 4
सीढ़ियां चढ़ने की बनाएं आदत - फोटो : Pixabay
लिफ्ट की जगह सीढ़ियों का करें प्रयोग

दिनचर्या में ये छोटा सा बदलाव आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। अगर आप एक सीढ़ी चढ़ते हैं तो अमूमन ये उतनी कैलोरी बर्न करता है जितना कि आप चार कदम चलकर बर्न करते हैं। इस तरह से अगर आप रोजाना 50 सीढ़ी चढ़ते हैं तो यह 2000 कदम चलने जितना लाभकारी हो सकता है। ज्यादा देर तक बैठे रहने के कारण होने वाले शारीरिक दुष्प्रभावों को कम करने और कैलोरी बर्निंग को बढ़ावा देने में इसके लाभ हो सकते हैं। जितनी अधिक कैलोरी आप बर्न करेंगे, वजन बढ़ने का खतरा उतना ही कम होगा।
विज्ञापन

3 of 4
हृदय-फेफड़े के स्वस्थ को लाभ - फोटो : Istock
क्या कहते हैं स्वास्थ्य विशेषज्ञ? 

मिशिगन स्कूल ऑफ काइन्सियोलॉजी विश्वविद्यालय में प्रोफेसर एलेक्जेंड्रा लेम्पके कहते हैं, सीढ़ी चढ़ना भी व्यायाम का हिस्सा है, जिसमें हृदय और श्वसन प्रणालियां लक्षित होती है। सीढ़ियां चढ़ने के दौरान लक्षित शारीरिक प्रणालियां इस बात पर भी निर्भर करती हैं कि आप किस तरह से सीढ़ी चढ़ते हैं। यदि आप सीढ़ियों पर चल रहे हैं या धीरे-धीरे जॉगिंग कर रहे हैं, तो यह कम तीव्रता वाले एरोबिक व्यायाम के रूप में आपके लिए फायदेमंद हो सकती है।
विज्ञापन

4 of 4
सीढ़ियां चढ़ने से कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ - फोटो : Getty Images
दिनचर्या में इस एक बदलाव के हो सकते हैं कई लाभ

ड्यूक यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने पाया कि सीढ़ी चढ़ने की आदत बनाना न सिर्फ ज्यादा देर बैठने से होने वाले दुष्प्रभावों को कम करता है साथ ही रक्त संचार को बढ़ावा देने और हृदय की सेहत को ठीक रखने में भी इसके लाभ हैं।  
  • प्रतिदिन 55 से अधिक सीढ़ी चढ़ने से कई क्रोनिक बीमारियों के कारण मृत्यु का जोखिम काफी कम होता है।
  • सीढ़ियां चढ़ने से प्रति मिनट लगभग 8-11 किलो कैलोरी बर्न होती है, जो अन्य मध्यम स्तर की शारीरिक गतिविधियों की तुलना में अधिक है।
  • सीढ़ी चढ़ने वाले लोग अधिक फिट होते हैं और उनकी एरोबिक क्षमता बढ़ती है।
  • यहां तक कि प्रतिदिन बीस सीढ़ियां चढ़ने से भी एक वर्ष में 2 किलो तक वजन कम हो सकता है।
  • रजोनिवृत्ति के बाद की महिलाओं में ये हड्डियों के घनत्व को मजबूत रखने में सहायक है।
  • आपको शरीर का वजन स्वस्थ बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
  • हड्डियों, मांसपेशियों और जोड़ों की सेहत के लिए इसे फायदेमंद पाया गया है।


----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें