फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Skin Allergy: इस मौसम में बहुत आम है त्वचा में जलन-खुजली की समस्या, इन उपायों से आसानी से पा सकते हैं आराम

Mon, 23 May 2022 06:36 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
स्किन एलर्जी की समस्या - फोटो : iStock
स्किन एलर्जी की समस्या काफी सामान्य है, गर्मी के दिनों में तो इसका जोखिम और भी बढ़ जाता है। त्वचा पर होने वाली यह एलर्जी किसी भी चीज से हो सकती है, जैसे धूप, धूल, प्रदूषण या फिर कास्मेटिक उत्पाद आदि। मेडिकल की भाषा में समझें तो त्वचा की एलर्जी तब होती है जब हमारी प्रतिरक्षा प्रणाली किसी बाहरी एजेंट के खिलाफ प्रतिक्रिया करती है। पर ऐसा नहीं है कि जिस चीज से आपको एलर्जी हो, घर या आसपास को लोगों को भी उससे समस्या हो। हर व्यक्ति की त्वचा अलग होती है और यह अलग-अलग स्थितियों में प्रतिक्रिया कर सकती है। 

गर्मी के दिनों में तेज धूप और बढ़े हुए तापमान के कारण स्किन एलर्जी होना काफी सामान्य माना जाता है। इसके कारण त्वचा में खुजली, जलन, लालिमा या दाने निकलने की समस्या हो सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक इस तरह की समस्याओं से बचे रहने के लिए एलर्जीन के संपर्क को सीमित करना या उससे बचना सबसे प्रभावी माना जाता है। इसके लिए सबसे पहले आपको यह समझना होगा कि आपकी एलर्जी के मुख्य कारक क्या हैं?

सामान्यतौर पर स्किन एलर्जी की समस्या स्वत: या कुछ हल्की दवाइयों-क्रीम से ठीक हो जाती है। विशेषज्ञ इसके लिए कुछ घरेलू उपायों को भी काफी प्रभावी मानते हैं, जिनको प्रयोग में लाकर न सिर्फ स्किन एलर्जी से बचा जा सकता है, साथ ही अगर एलर्जी हो भी जाए तो उसे आसानी से ठीक भी किया जा सकता है। आइए ऐसे ही कुछ उपायों के बारे में विस्तार से समझते हैं।
विज्ञापन

2 of 5
स्किन की समस्याओं का इलाज - फोटो : iStock
एलोवेरा का इस्तेमाल

एलोवेरा हर घर में आसानी से उपलब्ध बड़ी ही कारगर औषधि है, जिसके कई तरह के स्वास्थ्य लाभ हैं। डायबिटीज और पेट की बीमारियों के जोखिम को कम करने के साथ एलोवेरा त्वचा की समस्याओं में भी काफी कारगर है। एलोवेरा के जेल को त्वचा पर लगाने से कोशिकाओं को पोषण मिलता है और वह रोगजनकों के खिलाफ आसानी से प्रतिक्रिया कर पाते हैं। त्वचा पर एलोवेरा का जेल लगाने से एलर्जी की समस्या में राहत मिल सकती है। 
विज्ञापन

3 of 5
नारियल के तेल के लाभ - फोटो : pixabay
नारियल का तेल

त्वचा की कई तरह की समस्याओं में नारियल के तेल का उपयोग विशेष लाभप्रद माना जाता है। एलर्जी की समस्याओं को कम करने में भी नारियल का तेल लगाने से लाभ मिलता है। यह त्वचा को कोमल बनाने, रूखेपन और खुजली को कम करने में काफी फायदेमंद है। नारियल का तेल सूजन को कम करके संक्रमण या एलर्जी से राहत दिलाने में फायदेमंद है। स्किन एलर्जी की समस्या में नारियल का तेल लगाकर कुछ समय के लिए छोड़ दें, इससे काफी लाभ मिलता है।

4 of 5
सेब के सिरका से लाभ - फोटो : Getty Images
सेब का सिरका

त्वचा की एलर्जी कई बार बैक्टीरिया या वायरस के संपर्क में आने के कारण भी हो सकती है, इस स्थिति में स्किन पर तेज खुजली और दाने हो जाते हैं। इन समस्याओं से बचाव के लिए सेब का सिरका लगाना काफी फायदेमंद हो सकता है। यह त्वचा के पीएच स्तर को संतुलित करती है जिससे प्रतिरक्षा प्रणाली रोगजनकों से
आसानी से मुकाबला कर सके। ध्यान रहे त्वचा पर सेब का सिरका लगाने से पहले इसे पानी में मिलाकर डाइल्यूट कर लें वरना इसके कारण जलन की दिक्कत हो सकती है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
त्वचा की समस्याएं - फोटो : iStock
आइस थेरेपी

स्किन एलर्जी के कारण एक्जिमा या चुभन वाले दाने निकलना काफी सामान्य है। इन समस्याओं से बचाव के लिए 10-15 मिनट के लिए आइस पैक से सेकाई करने से लाभ मिलता है। यह त्वचा को सुन्न कर देता है। त्वचा की विषाक्तता को कम करने में भी आइस थेरेपी आपके लिए काफी मददगार हो सकती है। खुजली से तुरंत राहत पाने के लिए यह उपाय आपके लिए काफी मददगार हो सकता है। 

विशेषज्ञ कहते हैं, सभी की त्वचा और उसकी संवेदनशीलता का स्तर अलग होता है, ऐसे में जरूरी नहीं है कि जिस उपाय से किसी को लाभ मिला हो उससे आपको भी मिले। किसी भी घरेलू उपाय को प्रयोग में लाने से पहले चिकित्सक से सलाह जरूर ले लें। 


---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें