Diabetes Hot Water Bath: डायबिटीज के रोगियों को अपने खान-पान और जीवनशैली के साथ-साथ नहाने के पानी के तापमान पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। विशेषज्ञ अक्सर यह सलाह देते हैं कि डायबिटीज के मरीजों को अत्यधिक गर्म पानी से नहाने से पूरी तरह बचना चाहिए। इसी विषय पर हमने ओडिशा के एक निजी अस्पताल में डॉक्टर रवि कुशवाहा से बात की। डॉक्टर कुशवाहा के मुताबिक गर्म पानी से नहाने पर शरीर की रक्त वाहिकाएं तेजी से फैलती हैं, जिसे वासोडिलेशन कहते हैं। यह प्रक्रिया ब्लड प्रेशर को अचानक प्रभावित कर सकती है।
अगर मरीज को पहले से ही हृदय संबंधी समस्याएं या ऑटोनॉमिक न्यूरोपैथी है, तो यह आपके लिए खतरनाक हो सकता है। इसके अलावा अधिक गर्म पानी त्वचा की नमी को तेजी से छीन लेता है, जिससे त्वचा रूखी हो जाती है। इसलिए डॉक्टर कुशवाहा के अनुसार नहाने का पानी हमेशा गुनगुना रखना ही सबसे सुरक्षित अभ्यास माना जाता है।