चाय, भारत में सबसे ज्यादा पसंदीदा पेय में से एक है। इसका सेवन कितना फायदेमंद है या फिर क्या इससे नुकसान हो सकता है, इसको लेकर हुए अध्ययन में विशेषज्ञों के अलग-अलग मत हैं। सामान्यतौर पर शरीर में ऊर्जा के संचार और सुस्ती को दूर करने के लिए चाय का सेवन किया जाता रहा है, पर क्या आप जानते हैं कि कुछ प्रकार के चाय न सिर्फ स्वाद के मामले में बल्कि सेहत के लिहाज से भी आपके लिए विशेष फायदेमंद हो सकते हैं। सी-बकथॉर्न की पत्तियों से तैयार चाय को इसी तरह से बेहद फायदेमंद पेय के तौर पर जाना जाता है।
सी-बकथॉर्न एक प्रकार जड़ी बूटी है। अनेक प्रकार के दवाओं को तैयार करने के लिए इसकी पत्तियों, फूलों और फलों को प्रयोग में लाया जाता रहा है। इसकी पत्तियों से बनी चाय को भी विशेषज्ञ काफी फायदेमंद मानते हैं। सी-बकथॉर्न को लेकर किए गए अध्ययन में शोधकर्ताओं ने पाया कि यह कई प्रकार की क्रोनिक स्वास्थ्य समस्याओं में आपके लिए विशेष लाभप्रद हो सकता है। आइए इससे होने वाले फायदों के बारे में जानिए।