देश में वर्षों से साबूदाने का सेवन किया जाता रहा है। साबूदाने से बनी डिश के बिना व्रत अधूरा सा लगता है। साबूदाने से बनी नमकीन खिचड़ी हो या मीठी खीर, इसके व्यंजन न सिर्फ बेहद स्वादिष्ट होते हैं, साथ ही सेहत के लिए इसे बहुत ही फायदेमंद भी माना जाता है। अध्ययनों से पता चलता है कि साबूदाना एक ऐसा पौष्टिक आहार है जो कई तरह के स्वास्थ्य लाभों से भरा हुआ है। इसे अपने आहार का हिस्सा बनाकर आप कई तरह के फायदे प्राप्त कर सकते हैं। तो यदि आप भी आज तक सिर्फ स्वाद के लिए साबूदाना खाते आ रहे हैं तो इसके स्वास्थ्य लाभों के बारे में भी आपको जान लेना चाहिए।
अध्ययनों से पता चलता है कि साबूदाना में कैलोरी की उच्च मात्रा होती है, क्योंकि यह मूल रूप से स्टार्च से बना होता है। स्टार्च जटिल कार्ब्स होते हैं जो शरीर को ऊर्जा प्रदान करने में मददगार माने जाते हैं। इसके अलावा इसमें प्रोटीन्स और विटामिन्स भी होते हैं, ऐसे में इसका सेवन करना आपके स्वास्थ्य के लिए विशेष लाभदायक हो सकता है। आइए आगे की स्लाइडों में साबूदाना खाने से सेहत को होने वाले फायदों के बारे में विस्तार से जानते हैं।