Enteromix Cancer Vaccine: कैंसर मौजूदा समय की सबसे तेजी से बढ़ती गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है। ये वैश्विक स्तर पर मृत्यु का प्रमुख कारण है, हर साल लाखों लोगों की कैंसर से मौत हो जाती है। बदलती लाइफस्टाइल, जंक फूड्स, धूम्रपान-शराब और वायु प्रदूषण के कारण कैंसर का जोखिम लगातार बढ़ता जा रहा है।
आधुनिक चिकित्सा और नई तकनीकों ने पहले की तुलना में इस रोग के खतरे को कम तो किया है साथ ही इसका इलाज भी अब आसान हुआ है, हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्क्रीनिंग और उपचार की पहुंच कठिन होने के कारण ये बीमारी और इससे होने वाली मौतें अब भी चिंता का कारण बनी हुई हैं।
नई वैक्सीन, लक्षित थेरेपी, इम्यूनोथेरेपी जैसी आधुनिक उपचार पद्धतियां कैंसर के उपचार को आसान बनाने में मदद कर रही हैं। इसी क्रम में रूस ने कैंसर के खिलाफ लड़ाई में एक नई और अति प्रभावी वैक्सीन तैयार कर लेने की जानकारी दी है। संघीय चिकित्सा और जैविक एजेंसी (एफएमबीए) की प्रमुख वेरोनिका स्क्वोर्त्सोवा के अनुसार, कैंसर के लिए वैज्ञानिकों की टीम ने एक प्रभावी वैक्सीन तैयार कर ली है। कई वर्षों के प्रीक्लिनिकल परीक्षणों को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद अब ये उपयोग के लिए तैयार पाई गई है।