कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच दुनियाभर के लोगों को इसकी वैक्सीन का इंतजार है। वैक्सीन बनाने की इस रेस में भारत, ब्रिटेन, रूस, अमेरिका, चीन जैसे देश आगे चल रहे हैं। हाल ही में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की वैक्सीन काफी चर्चा में है, जिसके पहले और दूसरे चरण के ह्यूमन ट्रायल के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। वैक्सीन के तीसरे चरण के ट्रायल की तैयारी चल रही है और इस वैक्सीन का उत्पादन भी शुरू किया जा रहा है। कुछ दिन पहले रूस की सेचेनोव यूनिवर्सिटी ने वैक्सीन के सफल होने का दावा कर के दुनियाभर का ध्यान अपनी ओर खींचा था। इस वैक्सीन के बारे में ताजा रिपोर्ट आ रही है कि आम लोगों के लिए रूस इसे अगले महीने उपलब्ध करा देगा।