पिछले ढाई साल से अधिक समय से जारी कोरोना महामारी कब तक खत्म होगी, फिलहाल इस बारे में न तो किसी अध्ययन में कोई स्पष्टता है, न ही विशेषज्ञ किसी खास नतीजे पर पहुंच पाए हैं। जिस तरह से हाल के महीनों में कोरोना वायरस के वैरिएंट्स में म्यूटेशन देखा गया है, उस आधार पर विशेषज्ञों का कहना है कि संभव है कि आने वाले दिनों में कोरोना के और भी खतरनाक रूप देखने को मिल सकते हैं। इस जोखिम को देखते हुए सभी लोगों को लगातार सावधानी बरतते रहना चाहिए। जिन लोगों का टीकाकरण हो चुका है, उन्हें भी इसके जोखिमों से सुरक्षित नहीं माना जा सकता है।
कोरोना का खतरा कब तक जारी रहेगा इस बारे में कोई पुख्ता अध्ययन रिपोर्ट भी नहीं है, इस बीच वैज्ञानिकों ने चेताया है कि आने वाले समय में हमें और भी कई बीमारियों के महामारी का सामना करना पड़ सकता है। कई अध्ययनों में वैश्विक स्तर पर बढ़ते मोटापे, हृदय रोग और डायबिटीज जैसी स्थितियों के खतरे को लेकर अलर्ट किया जाता रहा है।
एक हालिया शोध में वैज्ञानिकों ने बड़ा दावा करते हुए चेतावनी दी है कि अगर दवाइयों के सही इस्तेमाल पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले वर्षों में लोगों में एंटी-माइक्रोबियल रेजिस्टेंस हो सकता है, जिसके कारण कई तरह की गंभीर स्थितियां पनप सकती हैं। डॉक्टर्स को इस बारे में विशेष सावधानी बरतते रहने की सलाह दी गई है। आइए इस अध्ययन के बारे में जानते हैं।