फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जॉन्स हॉपकिन्स अध्ययन: कॉफी की सिप, लिवर और मानसिक रोगों से दे सकती है सुरक्षा, बस इस बात का रखें ध्यान

Thu, 08 Sep 2022 05:32 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 4
कॉफी पीने से होने वाले स्वास्थ्य लाभ - फोटो : istock
मूड को तरो-ताजा रखने के लिए कॉफी पीना लोगों की पहली पसंद रही है, पर क्या आप जानते हैं कि कॉफी आपको कई प्रकार की गंभीर बीमारियों के जोखिम से बचाने में भी मददगार हो सकती है? अध्ययनों में पाया गया है कि कॉफी में मौजूद तत्व अल्जाइमर और हृदय रोग सहित लिवर और त्वचा की कई समस्याओं को कम करने में भी आपके लिए सहायक हो सकते हैं। जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन के पोषण विशेषज्ञों ने एक रिपोर्ट में बताया कि कॉफी का अगर संयमित मात्रा में सेवन किया जाता है तो शरीर को इससे कई तरह के लाभ मिल सकते हैं। 

जब आप कॉफी के बारे में सोचते हैं तो इसमें मौजूद कैफीन सबसे पहले दिमाग में आता है। आमतौर पर कैफीन के सेवन को हानिकारक माना जाता है, पर अध्ययनकर्ताओं का कहना कि यदि कम मात्रा में इसका सेवन किया जाए तो कॉफी में मौजूद एंटीऑक्सिडेंट और अन्य सक्रिय तत्व आंतरिक सूजन को कम करके कई गंभीर बीमारियों से आपको सुरक्षित रखने में मदद कर  सकते हैं।

कॉफी में पाया जाने वाला कैफीन सेंट्रल नर्वस सिस्टम को उत्तेजित करने के साथ थकान से लड़ने और ऊर्जा के स्तर को बढ़ाने में आपकी मदद करता है। यही कारण है कि कॉफी की सिप लेने के कुछ देर बाद ही आप ऊर्जावान महससू करने लगते हैं। आइए कॉफी पीने से शरीर को होने वाले अन्य फायदों के बारे में जानते हैं।
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 4
डायबिटीज में कॉफी पीने से लाभ - फोटो : iStock
टाइप-2 डायबिटीज में मिलता है लाभ

कुछ शोध बताते हैं कि नियमित रूप से कॉफी का सेवन आपमें टाइप-2 डायबिटीज के जोखिम को कम करने में भी मददगार है। 30 अध्ययनों की एक समीक्षा में शोधकर्ताओं ने पाया कि प्रतिदिन 2 कप कॉफी पीने से इस प्रकार के मधुमेह होने का खतरा 6% तक कम हो सकता है। कॉफी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स को इंसुलिन संवेदनशीलता को ठीक रखने में भी फायदेमंद पाया गया है। हालांकि ध्यान देने वाली बात यह है कि अधिक मात्रा में इसका सेवन शरीर के लिए कई प्रकार से नुकसानदायक भी हो सकता है। 
विज्ञापन

3 of 4
न्यूरोडीजेनेरेटिव विकारों से बचाती है कॉफी - फोटो : Pixabay
न्यूरोडीजेनेरेटिव विकारों से मिलती है सुरक्षा

अध्ययनों से पता चला है कि कॉफी पीने वाली महिलाओं में कोरोनरी हार्ट डिजीज, स्ट्रोक, मधुमेह और किडनी की बीमारियों के कारण मरने की आशंका कम होती है। कॉफी, अल्जाइमर रोग और पार्किंसंस रोग सहित कई अन्य न्यूरोडीजेनेरेटिव विकारों से बचाने में भी मदद कर सकती है। 13 अध्ययनों की एक समीक्षा में पाया गया कि जो लोग नियमित रूप से कैफीन का संयमित मात्रा में सेवन करते थे, उनमें पार्किंसंस रोग विकसित होने का जोखिम काफी कम था। 
विज्ञापन

4 of 4
लिवर को स्वस्थ रखने के उपाय - फोटो : iStock
लिवर की सेहत को मिलता है लाभ

अध्ययनों से पता चलता है कि कॉफी, लिवर के स्वास्थ्य को ठीक रखने और इससे संबंधित बीमारियों से बचाने में भी मदद कर सकती है। उदाहरण के लिए, एक अध्ययन में पाया गया कि प्रतिदिन दो कप कॉफी पीने से लिवर की बीमारी वाले लोगों में लिवर के खराब होने या लिवर कैंसर होने की आशंका कम होती है। हालांकि शोधकर्ताओं का कहना है कि जिन लोगों की पहले से दवा चल रही है उन्हें डॉक्टर की सलाह के आधार पर ही कैफीन का सेवन करना चाहिए। 



--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें