Signs of Successful Fasting in Ramadan: रमजान का पवित्र महीना सिर्फ उपासना और आत्म-संयम का ही नहीं है, बल्कि शरीर को भीतर से शुद्ध करने और मेटाबॉलिज्म को सुधारने का भी एक अच्छा मौका होता है। जब हम रोजा रखते हैं, तो हमारा शरीर आंतरिक मरम्मत (हीलिंग) करता है। अक्सर लोगों के मन में सवाल रहता है कि हम रोज रोजा रख रहे हैं तो कहीं इसका दुष्प्रभाव हमारे स्वास्थ्य पर तो नहीं पड़ेगा? इसी विषय पर सोशल मीडिया पर डॉक्टर मल्हार गणला ने कुछ जरूरी बातें बताई हैं, जिसके बारे आपको भी जानना चाहिए।
डॉक्टर मल्हार के मुताबिक एक हेल्दी रोजे की पहचान शरीर द्वारा दिए जाने वाले तीन संकेतों से की जा सकती है। पहला संकेत यह है कि भूख का एहसास पूरे दिन रहने के बजाय केवल छोटी 'लहरों' की तरह आता है और चला जाता है। दूसरा रोजा रखने के बावजूद आप अपने कार्यों पर पहले जैसा या उससे अधिक एकाग्रता और फोकस महसूस करते हैं।
तीसरा और सबसे महत्वपूर्ण लक्षण इफ्तार के समय दिखता है, जहां 'लेप्टिन' हार्मोन के प्रभावी होने के कारण आप बहुत कम भोजन में ही पूर्ण तृप्ति महसूस करने लगते हैं। ये संकेत दर्शाते हैं कि आपका रोजा न सिर्फ आध्यात्मिक रूप से सफल है, बल्कि शारीरिक रूप से भी आपको नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है।