वजन बढ़ना मौजूदा समय की सबसे गंभीर समस्याओं में से एक है, इसे स्वास्थ्य विशेषज्ञ कई प्रकार की क्रोनिक बीमारियों का प्रमुख कारण मानते आ रहे हैं। हृदय रोगों से लेकर डायबिटीज और जोड़ों की समस्याओं तक, अधिक वजन पूरे शरीर के लिए दिक्कतें बढ़ाने वाली मानी जाती है। वहीं अगर कम उम्र से ही आप मोटापे के शिकार हो गए हैं तो ये आपके लिए और भी बड़ी समस्याओं का कारण हो सकती है।
शोधकर्ताओं ने पाया कि 17-30 की आयु में अगर आपका वजन बढ़ गया है तो यह कई प्रकार की जानलेवा समस्याओं का कारण बन सकती है, पुरुषों में प्रोस्टेट कैंसर का खतरा इसमें सबसे प्रमुख है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सभी लोगों को निरंतर अपने वजन को कंट्रोल में रखने का प्रयास करते रहना चाहिए। एक स्वीडिश अध्ययन के अनुसार, 30 वर्ष की आयु तक बहुत अधिक वजन वाले पुरुषों में प्रोस्टेट कैंसर के आक्रामक रूप लेने और इससे मृत्यु का खतरा बढ़ जाता है। गौरतलब है कि प्रोस्टेट कैंसर, पुरुषों में होने वाला सबसे आम और घातक कैंसर है जिसके कारण हर साल लाखों लोगों की मौत हो जाती है।