फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलर्ट: लो-हाई बीपी तो सुना होगा पर ये पोस्टुरल हाइपोटेंशन क्या है? कहीं आप भी न हो जाएं शिकार, ऐसे करें पहचान

Tue, 17 Nov 2026 02:22 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Postural Hypotension: पोस्टुरल हाइपोटेंशन में बैठने या लेटने के बाद खड़े होते ही ब्लड प्रेशर अचानक लो हो जाता है। इससे चक्कर आने, आंखों के आगे अंधेरा छाने और बेहोशी तक हो सकती है। डिहाइड्रेशन के अलावा कुछ दवाएं और डायबिटीज की वजह से ये दिक्कत होती है। धीरे-धीरे खड़े होने से इससे बचाव में मदद मिल सकती है।
विज्ञापन
1 of 4
लो बीपी की समस्या - फोटो : Amarujala.com/AI
शरीर को स्वस्थ और फिट रखने के लिए सभी हिस्सों तक खून का संचार सही तरीके से होते रहना जरूरी है। इसके लिए हमारा हृदय लगातार धड़कता और सिकुड़ता रहता है, इससे हमारी धमनियों में रक्त पंप होता है और पूरे शरीर में सही तरीके से पहुंचता रहता है। ब्लड प्रेशर वह दबाव है जो बहते हुए खून द्वारा धमनियों की दीवारों पर पड़ता है। आपने हाई और लो ब्लड प्रेशर के बारे में सुना होगा।

अध्ययनों से पता चलता है कि ब्लड प्रेशर का बढ़ना हृदय और ब्रेन से लेकर किडनी सहित कई अंगों के लिए मुश्किलें बढ़ाने वाला हो सकता है। इसी तरह से ब्लड प्रेशर लो होने को भी सेहत के लिए कई तरह की दिक्कतों का कारण माना जाता है।

लो और हाई बीपी की समस्या तो बहुत आम है, इसपर लगातार बात भी होती रहती है, पर क्या आपने कभी पोस्टुरल हाइपोटेंशन के बारे में सुना है? भले ही आपने इस बारे में सुना न हो पर यकीन मानिए आपने कभी न कभी इसका एहसास जरूर किया होगा। आइए इस समस्या के बारे में जान लेते हैं।
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 4
बीपी को कंट्रोल में रखना जरूरी - फोटो : Amarujala.com/AI
पोस्टुरल हाइपोटेंशन की समस्या को जानिए

क्या आपके साथ कभी ऐसा हुआ है कि बिस्तर से उठते ही या बैठे रहने के बाद खड़े होते ही अचानक सिर घूमने लगे, आंखों के सामने अंधेरा छा जाए या ऐसा महसूस हो कि अभी बेहोश हो जाएंगे? 

अक्सर लोग इसे कमजोरी, थकान समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन कई बार इसकी वजह पोस्टुरल हाइपोटेंशन हो सकता है। पोस्टुरल हाइपोटेंशन को ऑर्थोस्टेटिक हाइपोटेंशन भी कहते हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, हर व्यक्ति को कभी न कभी ये समस्या होती ही है, आमतौर पर लोग इसपर ज्यादा ध्यान नहीं देते हैं। वैसे तो ये समस्या और इसके लक्षण कुछ समय में अपने आप ही ठीक हो जाते हैं पर अगर आपको अक्सर चक्कर, धुंधला दिखाई देने या बेहोशी की दिक्कत हो रही है तो इसपर गंभीरता से ध्यान देना जरूरी है। इसके कारणों को समझना और समय रहते इलाज कराना बहुत जरूरी है। समय रहते इसकी वजह को पहचानना जरूरी है, क्योंकि बार-बार ऐसा होना गिरने और चोट लगने का खतरा बढ़ा सकता है।
विज्ञापन

3 of 4
ब्लड प्रेशर लो होने से क्या होता है? - फोटो : Freepik.com
आखिर अचानक क्यों लो हो जाता है ब्लड प्रेशर?

पोस्टुरल हाइपोटेंशन में खड़े होते ही अचानक ब्लड प्रेशर लो हो जाता है। अमर उजाला से बातचीत में जनरल फिजिशियन डॉ आमिर हुसैन बताते हैं, जब हम खड़े होते हैं तो गुरुत्वाकर्षण के कारण शरीर का कुछ खून पैरों और पेट के निचले हिस्से की तरफ जमा होने लगता है।
 
  • सामान्य स्थिति में शरीर की नसें सिकुड़ती हैं और दिल की धड़कन में बदलाव होता है, जिससे ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है। 
  • लेकिन जब शरीर यह संतुलन नहीं बना पाता तो ब्लड प्रेशर लो हो जाता है। इसे पोस्टुरल हाइपोटेंशन कहते हैं।
  • खड़े होने के तीन मिनट के भीतर सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर 20 mmHg या डायस्टोलिक 10 mmHg या इससे ज्यादा कम हो जाना इस समस्या की पहचान है। 
  • अगर आपको भी अक्सर ब्लड प्रेशर में इस तरह की दिक्कत हो रही है तो समय रहते डॉक्टर से मिलकर इसके कारणों को पता जरूर लगा लें। 
विज्ञापन

4 of 4
ब्लड प्रेशर की समस्या - फोटो : Freepik.com
पोस्टुरल हाइपोटेंशन होती क्यों है?

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, पोस्टुरल हाइपोटेंशन की समस्या होने के कई कारण हो सकते हैं। आमतौर पर ये दिक्कत अस्थाई होती है और अपने आप ठीक हो जाती है लेकिन बार-बार खड़े होने पर बीपी लो होने की समस्या पर गंभीरता से ध्यान देना जरूरी है।
 
  • शरीर में पानी की कमी या डिहाइड्रेशन।
  • ब्लड प्रेशर लो करने वाली कुछ दवाएं भी इस समस्या को बढ़ा सकती हैं।
  • डायबिटीज और नसों से जुड़ी समस्याएं।
  • पार्किंसन जैसी न्यूरोलॉजिकल बीमारियां।
  • खून की कमी, हृदय संबंधी समस्याएं और लंबे समय तक बिस्तर पर रहने के कारण भी ये दिक्कत हो सकती है।


पोस्टुरल हाइपोटेंशन के कारण क्या खतरे हैं?

बार-बार बीपी लो होने से चक्कर और बेहोशी हो सकती है। कई बार इसके कारण लोग अचानक गिर जाते हैं जिससे सिर में चोट, हड्डी टूटने और फ्रैक्चर का खतरा रहता है। गंभीर मामलों में शरीर के अंगों तक खून की पर्याप्त आपूर्ति भी प्रभावित हो सकती है। यह समस्या कुछ लोगों में हृदय संबंधी जोखिमों से भी जुड़ी पाई गई है।
 
  • लो बीपी की इस दिक्कत को कम करने के लिए बिस्तर से अचानक न उठें, पहले बैठें और फिर धीरे-धीरे खड़े हों।
  • पर्याप्त पानी पिएं। पानी की कमी होने से भी शरीर में ये समस्या बढ़ सकती है। 



--------------

नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें