स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को रोजाना कम से कम दो मौसमी फलों के सेवन की सलाह देते हैं। फलों में एंटीऑक्सीडेंट्स, विटामिन्स और शरीर के लिए आवश्यक अधिकतर मिनरल्स मौजूद होते हैं, जो कई प्रकार की बीमारियों के जोखिम को कम करने में मददगार हो सकते हैं। कुछ फलों में विशेषज्ञों ने ऐसे प्रभावी गुणों की पुष्टि की है, जो अल्जाइमर और आर्थराइटिस जैसी समस्याओं के जोखिम को कम करने में भी लाभकारी हो सकते हैं। अनार ऐसा ही एक अति लाभकारी फल है, जिसका वर्षों से कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ के लिए सेवन किया जाता रहा है।
शोधकर्ताओं ने पाया कि अनार में कैलोरी और वसा की मात्रा कम होने के साथ यह फाइबर, विटामिन और खनिजों से भरपूर होते हैं। इसमें पाए जाने वाले एंटीऑक्सिडेंट, हृदय स्वास्थ्य, मूत्र विकारों को दूर करने के साथ खून की कमी को ठीक करने में भी आपके लिए विशेष लाभकारी हो सकते हैं।
अनार का ग्लाइसेमिक इंडेक्स 53 होता है, ऐसे में इसका संयमित मात्रा में डायबिटीज में भी सेवन किया जा सकता है। आइए अनार खाने से शरीर को होने वाले स्वास्थ्य लाभ के बारे में जानते हैं।