स्वस्थ रहने के लिए सभी लोगों को शारीरिक रूप से सक्रियता बढ़ाने की सलाह दी जाती है, इससे कई तरह की बीमारियों के विकसित होने का जोखिम कम होता है। आज नेशनल स्पोर्ट्स डे है, हर साल 29 अगस्त को यह खास दिन मनाया जाता है। इस दिन हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती भी होती है। खेल सिर्फ हमें फिट रहने में ही नहीं, कई प्रकार की शारीरिक और मानसिक बीमारियों के जोखिमों से बचाने में भी सहायक होते हैं। अध्ययन भी बताते हैं कि जो लोग अपनी दिनचर्या में खेल-व्यायाम को शामिल करते हैं, उनमें अन्य लोगों की तुलना में कई तरह की बीमारियों का जोखिम कम होता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सभी को बचपन से ही खेल की आदत बनानी चाहिए, दिनचर्या में किसी भी प्रकार के ऐसे खेल को जरूर शामिल करें जिससे शरीर की मांसपेशियों का व्यायाम हो जाए। इसके लिए क्रिकेट, टेनिस, रनिंग, हॉकी, फुटबॉल आदि को जीवनशैली का हिस्सा बनाया जा सकता है।
विशेषकर बच्चों को आउटडोर खेलों के प्रति जरूर प्रेरित किया जाना चाहिए, यह उनमें मोटापे के खतरे को कम करने के साथ कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के जोखिम से भी सुरक्षा देने में मददगार है। आइए जानते हैं कि बच्चों के लिए नियमित तौर पर आउटडोर गेम्स क्यों जरूरी हैं, शरीर को इससे किस प्रकार के लाभ होते हैं?