मोटापा किसी भी उम्र में हो, इसे सेहत के लिए गंभीर दुष्प्रभावों वाला माना जाता है। अधिक वजन की स्थिति कई प्रकार की क्रोनिक बीमारियों को भी बढ़ा सकती है, यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को शरीर के वजन को कंट्रोल में रखने की सलाह देते हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बच्चों में बढ़ते मोटापे के जोखिमों को लेकर चिंता जताते हैं। मेडिकल रिपोर्ट्स में इसे महामारी के रूप में भी वर्णित किया गया है। जंक फूड्स का अधिक सेवन, पौष्टिक आहार न लेना, उचित नींद की कमी और गतिहीन जीवनशैली के कारण बच्चों में मोटापे की समस्या तेजी से बढ़ती जा रही है।
डॉक्टर कहते हैं, बच्चों में अगर बढ़ते मोटापे की समस्या को कंट्रोल न किया गया तो भविष्य में यह कई प्रकार की गंभीर और क्रोनिक बीमारियों का कारण बन सकती है। यही कारण है कि कम उम्र में ही लोग डायबिटीज, हृदय रोग और लिवर से संबंधित बीमारियों के शिकार हो रहे हैं, जिसके जानलेवा दुष्प्रभाव भी देखे जाते रहे हैं। अगर आपके बच्चे को भी मोटापे की समस्या है तो इसे कंट्रोल करने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए, आइए जानते हैं कि डॉक्टर्स इसके लिए क्या सलाह देते हैं?