आज मदर्स डे है, एक खास दिन अपनी मां के नाम। वैसे तो हमारे जीवन का हर पल ही हमारी मां को समर्पित होता है, लेकिन ये खास दिन मां के त्याग-बलिदान के लिए कृतज्ञता व्यक्त करने और उन्हें ये एहसास कराने का होता है कि वो इस दुनिया में सबसे खास हैं।
मां हमेशा पूरे परिवार की सेहत का ध्यान रखती हैं, पर क्या हम उनका ध्यान रख पाते हैं? बढ़ती उम्र के साथ महिलाओं में कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। 50 की उम्र के बाद महिलाओं में हृदय रोग, डायबिटीज, ऑस्टियोपोरोसिस और हाई ब्लड प्रेशर जैसी समस्याएं काफी बढ़ जाती हैं। समय रहते इन बीमारियों की पहचान हो जाए तो इलाज आसान हो जाता है और गंभीर जटिलताओं से बचाव संभव होता है।
डॉक्टरों का मानना है कि नियमित हेल्थ चेकअप से कई बीमारियों को शुरुआती स्टेज में ही पकड़ा जा सकता है। उम्र बढ़ने के साथ इस तरफ ध्यान देना और भी जरूरी हो जाता है। तो आइए इस मदर्स डे अपनी मां को हेल्थ स्क्रीनिंग का गिफ्ट दें, ताकि वो हमेशा स्वस्थ रहें और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव हो सके।