फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Monsoon Health: मानसून के दिनों में भूलकर भी न करें ये गलतियां, पड़ सकते हैं बीमार

Fri, 26 Jul 2024 05:04 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
मानसून में होने वाली बीमारियां - फोटो : istock
मानसून का ये समय गर्मी से राहत दिलाने वाला जरूर होता है पर अपने साथ कई तरह की बीमारियां भी लेकर आता है। मौसम में नमी और तापमान में बदलाव के कारण  बैक्टीरिया, वायरस और अन्य रोगाणुओं का विकास तेजी से होने लगता है जो कई तरह की संक्रामक बीमारियां बढ़ा देते हैं। इसके अलावा दूषित पानी और खाने से डायरिया और पाचन से संबंधित दिक्कतें हो सकती हैं।

ये मौसम मच्छरों के प्रजनन के भी अनुकूल होता है यही कारण है कि इन दिनों में डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं मानसून के दिनों में सेहत को लेकर सावधानी बरतना बहुत जरूरी है। साफ और शुद्ध पानी पिएं और खाने की स्वच्छता का ध्यान रखें। बरसात के दिनों में की जाने वाली कुछ गलतियां आपको गंभीर रूप से बीमार कर सकती हैं। 
विज्ञापन

2 of 5
खान-पान को लेकर रहें सावधान - फोटो : istock
खान-पान को लेकर असावधानी

बारिश के मौसम में खान-पान को लेकर बहुत सावधानी बरतने की जरूरत होती है। मानसून में खाद्य पदार्थों में बैक्टीरिया और विषाणुओं का विकास तेजी से होता है। बाहर का खाना खाने से पेट की बीमारियां, जैसे फूड पॉइजनिंग, गैस्ट्रोएंटेराइटिस आदि का खतरा बढ़ सकता है। इसी तरह से इस मौसम में पानी के दूषित होने का भी खतरा अधिक होता है जिससे टाइफाइड, हेपेटाइटिस, और दस्त की समस्या हो सकती है।

बचाव- इन समस्याओं से बचे रहने के लिए बाहर का खाना खाने से बचें और केवल उबला या फिल्टर किया हुआ पानी पीना चाहिए।
विज्ञापन

3 of 5
डेंगू-मलेरिया का खतरा - फोटो : Freepik
मच्छरों के कारण होने वाली बीमारियों का खतरा

मानसून में मच्छर जनित रोगों जैसे डेंगू-मलेरिया और चिकनगुनिया का खतरा अधिक रहता है। असल में बरसात के कारण पानी का जमाव मच्छरों के पनपने के लिए सबसे अनुकूल हो जाता है। हालिया रिपोर्ट्स से पता चलता है कि महाराष्ट्र, कर्नाटक सहित देश के कई राज्यों में डेंगू के मामले बढ़ रहे हैं। मच्छरों से बचाव के तरीके न अपनाना आपकी सेहत के लिए समस्याओं का कारण बन सकता है। डेंगू जैसी बीमारियां जानलेवा भी हो सकती हैं, इसको लेकर सावधानी बरतना जरूरी है। 

बचाव- मच्छरदानी, मच्छर भगाने वाली दवाओं का छिड़काव और पूरी बाजू के कपड़े पहनकर मच्छरों से बचाव करें।

4 of 5
हाथों की स्वच्छता - फोटो : फ्रीपिक
स्वच्छता की अनदेखी 

कई प्रकार के संक्रामक रोग हमारे हाथों के माध्यम से फैलते हैं। हाथों की स्वच्छता का ध्यान रखकर फ्लू, कंजंक्टिवाइटिस जैसी बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। खाने से पहले और बाद में, शौच के बाद हाथों को अच्छी तरह से साफ करें।

बचाव- हाथों की साफ-सफाई का ध्यान रखकर भी आप संक्रामक बीमारियों के जोखिमों को कम कर सकते हैं। बारिश में भीगे कपड़े पहने रहने से बचना चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
त्वचा की बीमारियां - फोटो : istock
गीले कपड़े बढ़ा सकते हैं त्वचा की दिक्कत

बारिश में भीगे कपड़े पहने रहने से बचना चाहिए। गीले कपड़े त्वचा की समस्याएं जैसे रैशेज, फंगल इंफेक्शन आदि पैदा कर सकते हैं। गीले कपड़ों के कारण दाद और खुजली जैसी समस्याओं का भी खतरा रहता है। इसके अलावा बारिश के मौसम में ज्यादा भीगने से सर्दी-खांसी और साइनस जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

 बचाव- सुनिश्चित करें कि आप सूखे और साफ कपड़े ही पहनें। 



-------------------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें