गर्मियों का मौसम अपने साथ कई तरह की बीमारियां लेकर आता है, जिसको लेकर
अमर उजाला की रिपोर्ट्स में लगातार अलर्ट किया जाता रहा है। हालांकि ये मौसम अपने साथ कई सौगात भी लेकर आता है। गर्मियों में बाजार में कई ऐसे फल आसानी से उपलब्ध होते हैं जिन्हें सेहत के लिए खजाना माना जाता है। गर्मी का मौसम आते ही आम की खुशबू लोगों को अपनी ओर खींचने लगती है। स्वाद से भरपूर यह फल बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी की पहली पसंद होता है।
आम सिर्फ स्वाद तक ही सीमित नहीं है, यह कई प्रकार के पोषक तत्वों जैसे विटामिन-ए, विटामिन-सी, फाइबर, पोटैशियम, कॉपर और कई शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट का भी अच्छा स्रोत है। शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत करने, आंखों की सेहत सुधारने और पाचन बेहतर बनाने में इस फल के सेवन को काफी लाभकारी पाया गया है।
आम तो हम सभी खाते हैं पर क्या आप आम से होने वाले कुछ फायदों के बारे में जानते हैं जिनसे अक्सर लोग अनजान होते हैं?