कमर में दर्द होना बेहद सामान्य सी समस्या है, लाइफस्टाइल में गड़बड़ी के कारण इसका जोखिम काफी बढ़ जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, गलत तरीके से बैठना, चोट या फिर सोने के पॉश्चर में दिक्कतों के कारण कमर दर्द की समस्या होना काफी सामान्य है। युवाओं में यह समस्या काफी तेजी से बढ़ती हुई देखी जा रही है।
सामान्यतौर पर कमर में दर्द को अक्सर अनदेखा कर दिया जाता है, पर स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कुछ स्थितियों में यह गंभीर रोगों का भी संकेत हो सकता है जिसपर सभी लोगों को विशेष ध्यान देते रहने की आवश्यकता होती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, 30 से 40 की उम्र के आसपास अधिकतर लोगों में कमर दर्द की समस्या देखी जाती है, पर लॉन्ग सिटिंग या फिर लाइफस्टाइल की समस्याओं के कारण कम उम्र के लोग भी इसके शिकार देखे जा रहे हैं। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि कमर में अगर अक्सर दर्द बनी रहती है तो ये कैंसर का संकेत भी हो सकता है।
क्या वास्तव में कमर दर्द का कैंसर से कोई संबंध होता है? आइए इस बारे में समझते हैं।