कोरोना संक्रमण के इस दौर में हम सभी अपनी इम्युनिटी बढ़ाने को लेकर लगातार प्रयासरत हैं। प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत होने से कई प्रकार के संक्रमण और बीमारियों का जोखिम कम हो जाता है। अध्ययनों में पाया गया है कि विटामिन-सी और डी वाली चीजों का सेवन, इम्युनिटी को मजबूती देने में आपकी मदद कर सकता है। नींबू विटामिन-सी का सबसे आसान और बेहतर स्रोत माना जाता है, हालांकि पिछले दिनों जिस तरह से नींबू की कीमतों में बढ़ोतरी देखी गई है, ऐसे में रोज इसका सेवन कर पाना आम लोगों की जेब पर भारी पड़ सकता है। ऐसे में सवाल उठता है कि नींबू के अलावा विटामिन-सी प्राप्त करने के लिए और किन चीजों को आहार में शामिल किया जा सकता है?
शोध से पता चलता है कि 100 ग्राम नींबू से 53 मिलीग्राम की मात्रा में विटामिन-सी प्राप्त किया जा सकता है। वहीं स्वस्थ रहने के लिए प्रतिव्यक्ति रोजाना 65-90 मिलीग्राम की मात्रा में विटामिन-सी की जरूरत होती है। नींबू की बढ़ती महंगाई के बीच विटामिन-सी के लिए लोगों को दूसरी चीजों पर अपनी निर्भरता बढ़ानी पड़ रही है। आइए जानते हैं कि नींबू के अलावा और किन चीजों के सेवन से पर्याप्त मात्रा में विटामिन-सी प्राप्त किया जा सकता है?