अध्ययनों में बार-बार चेतावनी दी जाती रही है अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड्स सेहत को कई प्रकार से नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे मोटापे से लेकर ब्लड प्रेशर-कोलेस्ट्रॉल बढ़ने का खतरा हो सकता है। पर क्या आप जानते हैं कि नियमित रूप से इन चीजों के सेवन से न सिर्फ हृदय रोग-कैंसर जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, साथ ही ये समय से पहले मृत्यु के जोखिमों को भी बढ़ाने वाले हो सकते हैं।
बीएमजे जर्नल में प्रकाशित अध्ययन में शोधकर्ताओं ने बताया अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड्स के कारण होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर लोगों को सावधान किया है। 45 अध्ययनों में शामिल एक करोड़ से अधिक लोगों पर किए गए शोध में वैज्ञानिकों ने इससे होने वाले दुष्प्रभावों को लेकर अलर्ट किया है। वैज्ञानिकों ने बताया कि अल्ट्रा-प्रोसेस्ड खाने या पीने की चीजों के कारण लोगों में कैंसर और मानसिक रोग, श्वसन और हृदय संबंधी विकारों, गैस्ट्रो और मेटाबॉलिज्म स्वास्थ्य की समस्याएं अधिक देखी जा रही हैं, जो समय से पहले मृत्यु के खतरे को भी बढ़ा रही हैं।
लगभग सभी उम्र के लोगों में इस प्रकार के आहार के कारण होने वाली समस्याएं देखी गई हैं।