फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सेहत की बात: अक्तूबर में अधिक होती हैं किडनी से संबंधित समस्याएं ! जानिए इसकी वजह और बचाव के तरीके

Mon, 10 Oct 2022 07:20 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला. नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 4
किडनी की बीमारियों का खतरा - फोटो : istock
किडनी शरीर से विषाक्तता को कम करने के साथ खून को साफ करने और शरीर से अतिरिक्त तरल पदार्थों को बाहर करने में मदद करती है। डॉक्टर्स कहते हैं, लाइफस्टाइल में गड़बड़ी से लेकर आहार से संबंधित विकारों के कारण किडनी की समस्याएं काफी तेजी से बढ़ती जा रही है। हाई डायबिटीज और ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों के शिकार लोगों में किडनी की समस्या विकसित होने का खतरा और भी अधिक देखा गया है। यही कारण है कि सभी लोगों को किडनी को स्वस्थ रखने वाले उपाय करते रहने की सलाह दी जाती है। किडनी में होने वाली बीमारियां कुछ स्थितियों में बेहद गंभीर रूप ले सकती हैं, इसके जानलेवा दुष्प्रभावों का भी खतरा रहता है।

वैसे तो किडनी की बीमारी किसी को भी, कभी भी हो सकती है, पर क्या आप जानते हैं कि अक्तूबर के महीने में किडनी से संबंधित बीमारियों का जोखिम अधिक देखा जाता है। यह सुनने में जरूर अचरज वाला लग सकता है पर विशेषज्ञ कहते हैं, इस मौसम की कुछ प्रतिकूल परिस्थितियां किडनी की सेहत पर असर डाल सकती हैं, जिसके कारण लोगों में इससे संबंधित विकारों का खतरा अधिक हो सकता है।

आइए जानते हैं कि आखिर इसके पीछे क्या कारण है और इस तरह की समस्याओं से बचाव के लिए क्या किया जाना चाहिए?
विज्ञापन

2 of 4
किडनी की बीमारियों से करें बचाव - फोटो : Pixabay
अक्तूबर में किडनी की समस्याओं का खतरा

विशेषज्ञों के अनुसार, वैसे तो इसका कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है पर इस मौसम की कुछ परिस्थितियां किडनी की सेहत को जरूर गंभीर रूप से प्रभावित कर सकती है। मौसम में हो रहे बदलाव के कारण स्वाभाविक तौर पर अक्तूबर में लोग पानी पीना कम कर देते हैं, इसके कारण किडनी की सेहत पर नकारात्मक असर हो सकता है। अक्तूबर की आर्द्र परिस्थितियों का भी शरीर के इस अंग पर कई प्रकार से नकारात्मक असर देखा गया है। इसके अलावा मौसम बदलने के साथ कई प्रकार के वायरस भी सक्रिय हो जाते हैं जो यूटीआई जैसे संक्रमण का कारण बन सकते हैं, जिनपर समय रहते ध्यान न देना या इलाज न होना किडनी को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। 
विज्ञापन

3 of 4
किडनी की बीमारियों के जोखिम कारक - फोटो : iStock
ऐसे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता 

डॉक्टर्स कहते हैं जिन लोगों को डायबिटिज या हाई ब्लड प्रेशर की समस्या रहती है उन्हें किडनी की सेहत को लेकर लगातार विशेष सावधानी बरतते रहना चाहिए। मधुमेह वाले लोगों में उच्च रक्त शर्करा की स्थिति किडनी फेलियर जैसी गंभीर समस्याओं का भी कारण बन सकती है। इसी तरह से हाइपरटेंशन यानी कि हाई ब्लड प्रेशर की स्थिति का भी किडनी पर नकारात्मक असर देखा गया है। इन दोनों ही बीमारियों को कंट्रोल में रखना किडनी को सेहतमंद बनाए रखने के लिए अति आवश्यक माना जाता है। इसके अलावा किडनी की बीमारियों से बचाव के लिए कुछ बातों का और भी ध्यान रखना चाहिए।
विज्ञापन

4 of 4
किडनी की समस्याओं से बचाव के उपाय - फोटो : istock
किडनी को स्वस्थ रखने के उपाय

डॉक्टर्स कहते हैं, सभी उम्र के लोगों के लिए निरंतर किडनी की सेहत पर ध्यान देते रहना आवश्यक है। इसके लिए आहार को स्वस्थ और पौष्टिक रखें। 
  • अधिक सोडियम, प्रोसेस्ड मीट जैसी चीजें किडनी के लिए हानिकारक होती हैं। ताजे फल और सब्जियों का सेवन करते रहना किडनी की सेहत को बेहतर रखने के लिए आवश्यक है। 
  • किडनी की बीमारियों को कम करने के लिए दिनभर में 3-4 लीटर तक पानी पीते रहें। पानी, आपकी किडनी से सोडियम और विषाक्त पदार्थों को साफ बाहर करने में मदद करती है।
  • धूम्रपान की आदत किडनी के लिए हानिकारक है, अध्ययनों में पाया गया है कि धूम्रपान करने वालों में अन्य लोगों की तुलना में समय के साथ किडनी विकारों के विकसित होने का खतरा अधिक होता है। 


--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें