Journaling Prompts For Self-Awareness: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और डिजिटल शोर के बीच मानसिक तनाव और चिंता एक अदृश्य महामारी बन चुके हैं। ऐसे में बहुत से लोग तनाव की वजह से परेशान रहते हैं और कई तरह के उपाय अपनाते हैं, कई बार उन उपायों के बाद भी वो मानसिक रूप से परेशान रहते हैं। मगर आज हम आपको स्ट्रेस को दूर करने के लिए एक ऐसा मनोवैज्ञानिक उपाय बताने जा रहे हैं, जिसे अपनाकर आप काफी अच्छा महसूस करेंगे। वो आदत है 'जर्नलिंग', कई विशेषज्ञ भी इसकी सलाह देते हैं।
जर्नलिंग का अर्थ है अपने विचारों, भावनाओं और दैनिक अनुभवों को कागज पर उतारना। यह केवल डायरी लिखना नहीं है, बल्कि अपने मस्तिष्क के कचरे को बाहर निकालने की एक थेरेपी है। जब हम तनाव में होते हैं, तो हमारे विचार एक अंतहीन चक्र में घूमते रहते हैं, जिससे घबराहट बढ़ती है। लिखने की प्रक्रिया हमारे मस्तिष्क के 'एमीगडाला' को शांत करती है, जो डर और तनाव के लिए जिम्मेदार होता है।
जर्नलिंग हमें अपने डर का सामना करने, समस्याओं का समाधान खोजने और खुद को बेहतर तरीके से समझने में मदद करती है। यह एक ऐसा तरीका है जिससे आप बिना किसी निर्णय या डर के पूरी तरह ईमानदार हो सकते हैं। शोध बताते हैं कि मात्र 15-20 मिनट की नियमित जर्नलिंग आपके 'कोर्टिसोल' (तनाव हार्मोन) के लेवल को काफी कम कर सकती है और भावनात्मक मजबूती प्रदान करती है।