आयुर्वेद को सेहत के लिए अत्यंत लाभकारी चिकित्सा पद्धतियों में से एक माना जाता है। इससे साइड-इफेक्ट्स का जोखिम कम होने के साथ कई गंभीर बीमारियों में भी लाभ मिलता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, हम सभी के घरों में कई ऐसी औषधियां और जड़ी-बूटियां मौजूद होती हैं, जिनके सेवन से क्रोनिक बीमारियों के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है। मसालों के रूप में तो रोजाना हम इन औषधियों को प्रयोग में लाते हैं पर इससे होने वाले फायदों से अनजान होते हैं। जीरा ऐसा ही एक कारगर औषधि और मसाला है जिसे वर्षों से कई स्वास्थ्य समस्याओं के घरेलू उपचार के तौर पर प्रयोग में लाया जाता रहा है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, जीरा के पानी के सेवन की आदत बनाना आपकी सेहत को गजब का बूस्ट दे सकता है। आयुर्वेद में सुबह खाली पेट जीरा पानी पीने को बेहतर आदत माना जाता है। सुबह के समय मेटाबॉलिज्म की दर तेज होती है जिससे जीरा पानी से अधिकतम लाभ प्राप्त किया जा सकता है।
पाचन से लेकर डायबिटीज और कोलेस्ट्रॉल की समस्याओं तक में इस घरेलू पेय के लाभ हो सकते हैं। आइए रोजाना जीरा पानी पीने से सेहत को होने वाले फायदों के बारे में जानते हैं।