बालों का झड़ना, गड़बड़ लाइफस्टाइल और आहार में पौष्टिकता की कमी के कारण तेजी से बढ़ती समस्याओं में से एक है। कुछ लोगों में पारिवारिक इतिहास (आनुवंशिकता), हार्मोनल परिवर्तन और चिकित्सकीय स्थिति, दवाओं के साइड इफेक्ट्स, बहुत अधिक तनाव जैसी समस्याओं के कारण भी यह दिक्कत देखी जा रही है। कुछ वर्षों पहले तक बालों का झड़ना उम्र के साथ होने वाली समस्या मानी जाती थी, हालांकि पिछले कुछ वर्षों में कम उम्र के लोगों को भी इसका शिकार देखा जा रहा है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक बालों की पोषकता में आई कमी के कारण इस तरह की दिक्कत बढ़ी है।
योग को कई तरह की शारीरिक और मानसिक समस्याओं के समाधान के तौर पर देखा जाता रहा है। योगगुरु बाबा रामदेव बताते हैं कि दिनचर्या में योगासनों को शामिल करके आप बालों के झड़ने की समस्या को भी कम कर सकते हैं। योगासनों के अभ्यास की आदत बनाकर बालों को उचित पोषण देने के साथ उनके टूटने को प्रतिबंधित किया जा सकता है। योगासन रक्त संचार को भी बढ़ा देते हैं जिससे बालों के जड़ों की कमजोरी को दूर किया जा सकता है। आइए ऐसे ही योगाभ्यास के बारे में जानते हैं जो बालों के झड़ने की समस्या में कारगर हो सकते हैं?