एच5एन1 का बढ़ता संक्रमण और बचाव
- फोटो : Freepik.com
देश में विकसित पहली स्वदेशी H5N1 वैक्सीन
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भोपाल में मुर्गियों को बर्ड फ्लू से बचाने के लिए देश में विकसित पहली स्वदेशी H5N1 वैक्सीन लॉन्च की। कार्यक्रम में वैक्सीन लॉन्च करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, यह वैक्सीन भारत की आत्मनिर्भरता का उदाहरण है।
- इस वैक्सीन को भोपाल स्थित आईसीएआर-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज (राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान) ने विकसित किया है। यह संस्थान पशुओं और पक्षियों में फैलने वाली गंभीर संक्रामक बीमारियों पर रिसर्च करता है।
- यह भारत में पहली ऐसी वैक्सीन है, जिसे बेहद खतरनाक एवियन इन्फ्लूएंजा (HPAI) के H5N1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1a प्रकार के खिलाफ तैयार किया गया है।
- क्लेड का मतलब वायरस का एक खास समूह या प्रकार है, जिसकी आनुवंशिक बनावट दूसरे प्रकारों से कुछ अलग हो सकती है।
हाइली पैथोजेनिक एवियन इन्फ्लूएंजा (एचपीएआई) को आम भाषा में बर्ड फ्लू कहा जाता है। यह मुर्गियों और दूसरी पक्षियों को प्रभावित करने वाली एक गंभीर बीमारी है। इस बीमारी के फैलने पर संक्रमित पक्षियों में लगभग 100 प्रतिशत तक मौतें हो सकती हैं। हाल के दिनों में इंसानों में भी बर्ड फ्लू का खतरा देखा गया है।