आज देश स्वतंत्रता के 75 साल पूरे कर रहा है, इसे आजादी के 'अमृत महोत्सव' के रूप में मनाया जा रहा है। आजादी के अमृत महोत्सव का मतलब नए विचारों, नए संकल्पों और आत्मनिर्भरता का अमृत है। कोरोना महामारी के साथ, इस समय देश में कई अन्य प्रकार की संक्रामक बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। पूरा स्वास्थ्य तंत्र इस महामारी से निपटने के लिए प्रयास में लगा हुआ है। अमृत महोत्सव के इस खास मौके पर समय है एक खास प्रण लेने का- बेहतर स्वास्थ्य और स्वस्थ समाज बनाने का प्रण, ताकि देश का हर नागरिक स्वस्थ और समृद्ध रह सके।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, स्वस्थ समाज के शुरुआत की पहली कड़ी आप हैं, इसलिए खुद के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का प्रण हर भारतीय को लेना चाहिए। ज्यादातर बीमारियों के लिए जीवनशैली की गड़बड़ी को प्रमुख कारण के रूप में जाना जाता है, ऐसे में अगर हम जीवनशैली और आहार को ठीक रख लें तो स्वस्थ समाज की परिकल्पना का आधा हिस्सा ऐसे ही हासिल किया जा सकता है।
आइए जानते हैं कि स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए हमें किन बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए? हमारे कौन से प्रयास समाज और देश को स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर करने में मददगार हो सकते हैं?