फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सेहत की बात: इन चीजों का ध्यान रखकर किडनी स्टोन से कर सकते हैं बचाव, जानिए क्या करें-क्या नहीं?

Sun, 10 Apr 2022 07:06 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
किडनी में स्टोन की समस्या - फोटो : iStock
शरीर के संपूर्ण फिटनेस के लिए सभी अंगों का ठीक से काम करते रहना आवश्यक होता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को स्वस्थ और पौष्टिक आहार के सेवन की सलाह देते हैं। किडनी ऐसा ही शरीर का एक महत्वपूर्ण अंग है, जिसकी सेहत का ध्यान रखना बहुत आवश्यक माना जाता है। आहार और जीवनशैली की गड़बड़ आदतों के चलते पिछले दो-तीन दशकों में किडनी की कई गंभीर बीमारियों के मामले काफी बढ़ गए हैं। किडनी स्टोन ऐसी ही एक समस्या है, जिसे अगर अनुपचारित छोड़ दिया जाए तो गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, आहार की गड़बड़ी को किडनी स्टोन का प्रमुख कारण माना जाता है। किडनी स्टोन मिनरल्स और सोडियम से बने अवशेष होते हैं जिन्हें किडनी फिल्टर नहीं कर पाती है, और वह जमा हो जाते हैं। आहार, वजन बढ़ने, कुछ विशेष प्रकार की दवाइयों का सेवन करने और पानी कम पीने के कारण इस तरह की समस्या का खतरा अधिक होता है। छोटे स्टोन कुछ दवाइयों के माध्यम से पेशाब के साथ बाहर निकल जाते हैं, हालांकि बड़े आकार वाले स्टोन को निकालने के लिए सर्जरी की आवश्यकता होती है। आइए जानते हैं कि दिनचर्या में किन बातों का ध्यान रखकर किडनी स्टोन को बनने से रोका जा सकता है?
विज्ञापन

2 of 5
किडनी स्टोन से बचाव जरूरी - फोटो : iStock
इन चीजों का अधिक सेवन बना सकता है स्टोन
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक किडनी स्टोन की समस्या से बचाव के लिए आहार पर विशेष ध्यान देना आवश्यक हो जाता है। पालक, चॉकलेट, चुकंदर जैसी चीजों में ऑक्सालेट की मात्रा पाई जाती है। अगर बिना सोचे समझे इसका अधिक सेवन किया जाए तो इसके कारण किडनी स्टोन बनने का जोखिम बढ़ जाता है। गुर्दे की पथरी से बचे रहने के लिए ऑक्सालेट युक्त चीजों का सेवन कम करना चाहिए। 
विज्ञापन

3 of 5
कम पानी पीने से किडनी स्टोन का खतरा - फोटो : istock
पानी पीते रहना आवश्यक
डॉक्टर्स बताते हैं, कम पानी पीने वाले लोगों में डिहाइड्रेशन के साथ किडनी की समस्याओं, विशेषकर पथरी का खतरा अधिक होता है। पानी कम पीने से किडनी के लिए अपशिष्टों को फिल्टर कर पाना कठिन हो जाता है, जिससे किडनी स्टोन होने का जोखिम बढ़ सकता है। भरपूर मात्रा में पानी पीते रहने से शरीर में यूरिक एसिड को पतला करने में मदद मिलती है। हर दिन कम से कम 3 लीटर पानी पीने की सलाह दी जाती है।

4 of 5
किडनी स्टोन बढ़ाने वाली चीजें - फोटो : Pixabay
मांसाहार का सेवन कम करें
शरीर में यूरिक एसिड की वृद्धि को रोकने के प्रयास करने चाहिए। पशु-आधारित प्रोटीन, पौधों पर आधारित प्रोटीन की तुलना में यूरिक एसिड के स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि का कारण बन सकते हैं। इससे किडनी स्टोन का जोखिम बढ़ जाता है। रेड मीट का सेवन कम करें। प्रोटीन प्राप्त करने के लिए बीन्स, फलियां, नट्स आदि का सेवन करना अधिक फायदेमंद माना जाता है। शाकाहार को सेहत के लिए कई तरह से लाभप्रद बताया गया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
गुर्दे की पथरी से बचाव के लिए क्या करें? - फोटो : Pixabay
अधिक सोडियम है हानिकारक
अधिक मात्रा में सोडियम, न सिर्फ ब्लड प्रेशर की समस्या को बढ़ा सकता है, साथ ही इसके कारण गुर्दे की पथरी होने का खतरा भी बढ़ जाता है। सोडियम की अधिक मात्रा को किडनी ठीक से फिल्टर नहीं कर पाती है, ऐसे में ये अपशिष्ट के रूप में एकत्रित होकर स्टोन बन जाते हैं। सेहत को बेहतर बनाए रखने के लिए भोजन में सोडियम वाली चीजों की मात्रा को कम रखने का प्रयास करें।


---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें