Thyroid Disease & Infertility: पिछले एक दशक के आंकड़े उठाकर देखें तो पता चलता है कि जिन स्वास्थ्य समस्याओं ने लोगों की सेहत को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है, हृदय रोग-डायबिटीज और कैंसर के साथ थायरॉइड भी उनमें से एक है। थायरॉइड को लेकर वैसे तो ज्यादा चर्चा नहीं की जाती है पर स्वास्थ्य विशेषज्ञ इसे सेहत के लिए कई प्रकार से गंभीर खतरों को बढ़ाने वाला पाते हैं।
थायरॉइड हमारे शरीर की एक महत्वपूर्ण एंडोक्राइन ग्रंथि है, जो गर्दन के निचले हिस्से में स्थित होती है। यह ग्रंथि थायरॉक्सिन (T4) और ट्राईआयोडोथायरोनिन (T3) जैसे महत्वपूर्ण हार्मोन्स का निर्माण करती है, जो शरीर के मेटाबॉलिज्म, ऊर्जा स्तर और हॉर्मोन संतुलन को नियंत्रित करते हैं। जब यह ग्रंथि किसी कारणवश सामान्य रूप से काम नहीं करती या इसके कार्यों में कोई बाधा आ जाती है तो इससे हाइपोथायरॉइडिज्म (थायरॉइड हार्मोन की कमी) या हाइपरथायरॉइडिज्म (थायरॉइड हार्मोन की अधिकता) जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
थायरॉइड की समस्याएं महिलाओं में ज्यादा आम हैं और उनके स्वास्थ्य पर गहरा असर डाल सकती हैं, खासकर मासिक धर्म चक्र, प्रजनन क्षमता और समग्र स्वास्थ्य पर। इसके कारण थकान, वजन में बदलाव और मूड स्विंग जैसे कई लक्षण हो सकते हैं।
क्या आप जानते हैं कि थायरॉइड की समस्या पर अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए या फिर इसका उपचार न हो पाए तो ये बीमारी आपसे मां बनने का सुख भी छीन सकती है?