ब्लड प्रेशर आपकी धमनियों की दीवारों के खिलाफ रक्त का दबाव की स्थिति है। धमनियां आपके हृदय से रक्त को शरीर के अन्य भागों में ले जाती हैं। रक्तचाप का बढ़ना और कम होना दोनों ही स्थितियां शरीर के लिए नुकसानदायक मानी जाती है। आमतौर पर हम सभी ब्लड प्रेशर बढ़ने और इसके कारण होने वाली समस्याओं के बारे में सुनते और जानते आ रहे हैं, पर क्या आप जानते हैं कि ब्लड प्रेशर का सामान्य से कम होना भी शरीर के लिए कई प्रकार से हानिकारक हो सकता है? स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, ब्लड प्रेशर बढ़ने की तरह ही इसका लो होना भी कई प्रकार की स्वास्थ्य जटिलताओं का कारण बन सकता है।
निम्न रक्तचाप को आमतौर पर सिस्टोलिक 90 मिलीमीटर (मिमी एचजी) और डायस्टोलिक 60 मिमी एचजी से कम होने की स्थिति होती है। निम्न रक्तचाप की स्थिति में अक्सर कोई ध्यान देने योग्य लक्षण नजर नहीं आता है, जबकि कुछ लोगों में इसके कारण चक्कर आने और गंभीर बेहोशी की समस्या हो सकती है। कभी-कभी निम्न रक्तचाप कोमा और शरीर के लिए अन्य प्रकार की गंभीर समस्याओं का जोखिम भी पैदा कर सकता है। आइए जानते हैं कि ब्लड प्रेशर कम क्यों होता है और इसे ठीक रखने के लिए क्या किया जाना चाहिए?